हल्द्वानी: डीएम कैंप के सामने दुकानों में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार तड़के डीएम कैंप के सामने जनपथ कांप्लेक्स स्थित नौ दुकानों से सिलसिलेवार तरीके से चोरी की घटना प्रकाश में आई है। चोर एक-एककर 10 दुकानों के बाहर रखे एसी कंप्रेशर के कॉपर वायर और पाइप काट कर ले गया। एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे पर भी हाथ साफ कर दिया। डीएम …
हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार तड़के डीएम कैंप के सामने जनपथ कांप्लेक्स स्थित नौ दुकानों से सिलसिलेवार तरीके से चोरी की घटना प्रकाश में आई है। चोर एक-एककर 10 दुकानों के बाहर रखे एसी कंप्रेशर के कॉपर वायर और पाइप काट कर ले गया। एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे पर भी हाथ साफ कर दिया।
डीएम कैंप जैसे शहर के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान के पास चोरी की घटनाओं से पुलिस में हड़कंप मच गया। घटनास्थल के पास ही भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा भी है। कोतवाल ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। चोरी की ये वारदात और चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
रविवार सुबह दुकानदारों को चोरी की इन घटनाओं का पता चला। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाल मनोज रतूड़ी और एसएसआई कैलाश सिंह नेगी पुलिस टीम समेत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। चोर प्रमोद तोलिया और हेमा शर्मा के प्रतिष्ठान मित्र एसोसिएट, फखरुद्दीन की बारबार शॉप, कमल धामी के रिदम इंटरप्राइजेज, मोहम्मद मुश्ताक के यूनिवर्सल इंफोमीडिया, दीपक तिवारी की दीपक कम्यूनिकेशन, गिरीश चंद्र के हाइटेक केयर, सुमित रावत के साई प्रॉपर्टीज, हरीश चौधरी के पायनियर साइबर कैफे के एसी यूनिट के कंप्रेशर से जुड़े कॉपर और वायर काट कर ले गया था।
इसके साथ ही सीएस बिष्ट की दुकान से सीसीटीवी कैमरे पर भी हाथ साफ कर दिया। सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर में चोरी की घटना और चोर कैद हो गया। यह घटना रविवार तड़के करीब चार बजे के आसपास की है। दुकानदारों ने पुलिस को संयुक्त तहरीर सौंपकर चोर को पकड़ने की मांग की है। दुकानदारों ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी कांप्लेक्स में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कोतवाल ने बताया कि फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है
निर्माणाधीन मकान से मोटर पर हाथ साफ कर गया चोर
हल्द्वानी। मंडी चौकी क्षेत्र में न्यू फ्रेंड्स कालोनी में निर्माणाधीन मकान से पानी की मोटर पर हाथ साफ कर दिया गया। चौधरी कालोनी निवासी भुक्तभोगी भवन निर्माणकर्ता महेश चंद्र दुम्का की शिकायत पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चौकी प्रभारी दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि चोर का सुराग लगाया जा रहा है।
