बरेली: विवि में तीसरी बार तैयार किया जाएगा परीक्षा कार्यक्रम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना महामारी की वजह से रुहेलखंड विश्वविद्यालय को तीसरी बार परीक्षा शेड्यूल तैयार करना होगा। इससे पहले दो बार शेड्यूल तैयार किया गया था लेकिन इसे निरस्त कर दिया गया। अब विश्वविद्यालय प्रशासन शासन के निर्देशों का इंतजार कर रहा है। निर्देश आते ही परीक्षा की तैयारियां शुरू हो जाएंगी और नया …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना महामारी की वजह से रुहेलखंड विश्वविद्यालय को तीसरी बार परीक्षा शेड्यूल तैयार करना होगा। इससे पहले दो बार शेड्यूल तैयार किया गया था लेकिन इसे निरस्त कर दिया गया। अब विश्वविद्यालय प्रशासन शासन के निर्देशों का इंतजार कर रहा है। निर्देश आते ही परीक्षा की तैयारियां शुरू हो जाएंगी और नया कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने अप्रैल में स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया था। इसके तहत 1 मई से परीक्षाएं होनी थीं लेकिन 15 अप्रैल को शासन ने परीक्षाओं पर रोक लगा दी। एक बार मई में शासन ने परीक्षाओं को लेकर विश्वविद्यालय से रिपोर्ट मांगी तो विश्वविद्यालय ने हालात सुधरने पर 10 जून से परीक्षाएं कराने की बात कही थी। इसके तहत परीक्षा कार्यक्रम भी तैयार कर लिया गया था। उसके बाद शासन ने छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने और परीक्षाओं को लेकर तीन कुलपति की समिति बनाकर रिपोर्ट मांगी थी।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह भी समिति में शामिल थे, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट भेजी है। हालांकि रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई लेकिन बताया जा रहा है कि अंतिम वर्ष की परीक्षाओं का आयोजन कराया जाएगा। इसके अलावा द्वितीय वर्ष के छात्रों की भी परीक्षाओं को लेकर भी रिपोर्ट भेजी गई है। शासन ने दसवीं और बारहवीं की परीक्षा को लेकर निर्णय ले लिया है लेकिन अभी स्नातक और परास्नातक की परीक्षाओं को लेकर कोई निर्णय नहीं आया है। जैसे ही निर्णय आएगा तो विश्वविद्यालय के द्वारा परीक्षा कार्यक्रम तैयार कर जारी कर दिया जाएगा।

ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म, अब परीक्षा की तैयारी
कोरोना महामारी के चलते शासन ने शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी किया था। परीक्षा के साथ भौतिक कक्षाओं पर भी रोक लगा दी थी। सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए थे। इसके चलते विश्वविद्यालय ने 1 मई से 31 मई तक पूर्व में ही ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया था। शासन के निर्देश पर कुछ दिनों तक ऑनलाइन कक्षाएं भी बंद रहीं लेकिन 20 मई से फिर से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होने लगीं। अब शासन के नए निर्देशों के तहत शिक्षक व कर्मचारी प्रशासनिक कार्य से विश्वविद्यालय व महाविद्यालय में आ सकते हैं। अब ऑनलाइन कक्षाओं के साथ परीक्षा की तैयारियों में शिक्षक व कर्मचारी जुट जाएंगे।

संबंधित समाचार