भाजपा सरकार का डबल इंजन 8 वर्षों से यार्ड में ही खड़ा है: अखिलेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में करारी हार का बदला भाजपा निचले स्तर पर आकर ले रही है। यह संघीय ढांचे की मूल भावना और लोकतंत्र के विरूद्ध है। उत्तर प्रदेश में तो भाजपा को कुछ करना नहीं …

लखनऊ। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में करारी हार का बदला भाजपा निचले स्तर पर आकर ले रही है।

यह संघीय ढांचे की मूल भावना और लोकतंत्र के विरूद्ध है। उत्तर प्रदेश में तो भाजपा को कुछ करना नहीं है। यहां सरकार अधिकारियों की सेटिंग में ही समय खपा रही है। कोरोना महामारी में चारों ओर हाहाकार के बीच प्रधानमंत्री वाराणसी मॉडल और मुख्यमंत्री गोरखपुर माडल की चर्चा में ही लगे रहे। उन्होंने कोरोना को भी प्रदेश में मॉडलिंग मंच बना दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा बदले की भावना से प्रेरित होकर राज्यों के साथ जो व्यवहार कर रही है उसमें राज्यपालों की भूमिका विचारणीय है। कायदे से उत्तर प्रदेश हो या पश्चिम बंगाल, राज्यपालों की भूमिका संविधान की परिधि में ही होनी चाहिए पर ऐसा भाजपा राज में नहीं होता है। दोनों की कसौटियां भिन्न हैं।

4 वर्षों में डबल इंजन टस से मस नहीं हुआ

उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार का डबल इंजन 8 वर्षों से यार्ड में ही खड़ा है। राज्य सरकार के 4 वर्ष और इसी अवधि में केंद्र के 4 वर्षों में डबल इंजन टस से मस नहीं हुआ। विकास योजनाएं प्लेटफार्म पर इंतजार में हैं। कोई पूछने वाला नहीं।

भाजपा सरकार अधिकारियों की शंटिग करती रहती है। जब कुछ करना नहीं होता तो भाजपा को अधिकारी-अधिकारी खेलना ही भाता है। एक अधिकारी दिल्ली से लखनऊ भेजे गए। उन्हें काम नहीं करने दिया गया। पश्चिम बंगाल में काम कर रहे अधिकारी को काम करने नहीं दिया जा रहा है।

इतना है नहीं, पश्चिम बंगाल में चुनी हुई सरकार के साथ चुनाव में करारी हार का बदला भाजपा निचले स्तर पर आकर ले रही है। यह लोकतंत्र के विरुद्ध भाजपा की साजिश है। भारी बहुमत में आई ममता सरकार को परेशान किया जा रहा है। एक छोटे मुद्दे को बेवजह प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर भाजपा ने अपनी किरकिरी कराई है।

संबंधित समाचार