इतनी गोली मारेंगे कि सब पता चल जाएगा
अमृत विचार, बरेली। रंगदारी मांगने के लिए आरोपी शिवम ने कारोबारी को कई बार फोन किया। एक बार रिसेप्शनिस्ट ने फोन उठाया तो उसे भी धमकी दी। धमकी की रिकार्डिंग भी सामने आई है। रिकार्डिंग में वह कह रहा है कि इतनी गोलियां मारेंगे कि सब पता चल जाएगा। आज तक जिसे भी पैसे के …
अमृत विचार, बरेली। रंगदारी मांगने के लिए आरोपी शिवम ने कारोबारी को कई बार फोन किया। एक बार रिसेप्शनिस्ट ने फोन उठाया तो उसे भी धमकी दी। धमकी की रिकार्डिंग भी सामने आई है। रिकार्डिंग में वह कह रहा है कि इतनी गोलियां मारेंगे कि सब पता चल जाएगा। आज तक जिसे भी पैसे के लिए फोन किया है, उसने रुपए दिए हैं और जिसने रुपए नहीं दिए, वह जिंदा नहीं बचा है।
इसलिए व्यापारी धमकी से डर गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। नमन गोयल को जिस नंबर से फोन आया तो पुलिस ने सबसे पहले उसे ट्रेस किया। मोबाइल नंबर शास्त्री नगर के रहने वाले किसी व्यक्ति का निकला। शिवम पहले शास्त्री नगर इज्जतनगर में ही रहता था लेकिन उसके माता-पिता की मौत हो गई थी। फिर वह जमीन बेच कर बीडीए कॉलोनी, करगैना में रहने लगा था।
वह अक्सर दिल्ली जाता रहता था। वह मार्च 2019 में छेड़छाड़ के मामले में तिहाड़ जेल गया था और दिसंबर 2019 में छूटकर आया था। जेल में ही उसकी अपराधियों से जान पहचान हुई थी। उसके बाद से ही वह गलत धंधों में लग गया था। उसने कई तमंचे खरीद लिए थे। वह फोन पर इसी तरह से रंगदारी मांगता था। एक कारोबारी से उसने एक करोड़ की भी रंगदारी मांगी थी। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसे किसी ने रुपए नहीं दिए हैं।
इस वजह से पकड़ा गया शिवम
आरोपी शिवम ने धमकी देने के बाद खाता में रुपए डालने के लिए एक पासबुक की फोटो भी व्हाट्सएप के जरिए भेजी। इस पर उसका खाता नंबर व पता लिखा था। इस आधार पर पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने रुपयों की जरूरत होने पर रंगदारी मांगने की बात बताई। उसने पुलिस को बताया कि उसने इंटरनेट से फाम कारोबारी का नंबर निकाला था।
उसने फोन पर धमकी देने के दौरान एक फोटो भी भेजा था, जिसमें वह तमंचे के साथ था। इससे पुलिस को पकड़ने में उसे और आसानी हुई। फोन पर जब वह धमकी मांग रहा था तो यह भी कह रहा था कि कम रुपए दे दो। उसने पेटीएम से भी पहले पांच लाख रुपए की मांग की। इस तरह की हरकतों की वजह से पुलिस ने उसे जल्द ट्रेस कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि कहीं उसके साथ और कोई तो शामिल नहीं है।
