रामपुर: एंबुलेंस में दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या, पंजाब से बंगाल जा रहे थे चार लोग
अमृत विचार रामपुर/शहजादनगर। शव को पंजाब में छोड़कर एंबुलेंस से चार लोग बंगाल जा रहे थे। रास्ते में दो दोस्तों की नशे में किसी बात पर कहासुनी हो गई। एक दोस्त ने दूसरे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। जनपद के थाना शहजाद नगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार …
अमृत विचार रामपुर/शहजादनगर। शव को पंजाब में छोड़कर एंबुलेंस से चार लोग बंगाल जा रहे थे। रास्ते में दो दोस्तों की नशे में किसी बात पर कहासुनी हो गई। एक दोस्त ने दूसरे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। जनपद के थाना शहजाद नगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर एंबुलेंस को कब्जे में लिया है।

फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सुबूत एकत्र किए हैं। घटना शहजाद नगर थाना अंतर्गत धमोरा चौकी में बाईपास पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की है। घटना की जानकारी एंबुलेंस मालिक व मृतक के परिजनों को दी गई है।
पुलिस के अनुसार पश्चिम बंगाल के दार्जलिंग सिल्लीगुड़ी निवासी उमापत राम बंगाल में एंबुलेंस चालक है। उसका एक सहयोगी मिथलेश चौधरी भी साथ में रहता है। 4 दिन पहले उमापत साथी मिथलेश के साथ एंबुलेंस से एक शव को सिल्लीगुड़ी से पंजाब छोड़ने गया था। इस दौरान एंबुलेंस के मालिक ने फोन कर उमापत से कहा कि लौटने से पहले पंजाब से एक चालक मुन्ना उर्फ तपस मंडल को लाना है। उमापत ने मुन्ना से संपर्क साधा तो उसका दोस्त पंजाब के बरनाला निवासी राम सिंह पुत्र मंगल सिंह भी साथ आ गया। फिर चारों लोग शव को पंजाब में छोड़कर एंबुलेंस से बंगाल रवाना हो गए।
रास्ते में नशे में धुत राम सिंह और मुन्ना का आपस में पंजाब से ही विवाद होना शुरू हो गया। एंबुलेंस चालक उमापत के काफी समझाने के बाद भी नशे में धुत दोनों लोग लड़ते रहे। एंबुलेंस जैसे ही शहजाद नगर थाना क्षेत्र में धमोरा बाईपास पर पहुंची तो आरोपी राम सिंह ने मुन्ना की गर्दन पर पर चाकू से हमला कर दिया हमले में मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही मिनट में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद उमापत ने हाईवे पर तैनात डायल 112 पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने हमलावर राम सिंह को मौके से गिरफ्तार कर थाने भेज दिया।
थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही एम्बुलेंस को थाने में खड़ा कराया गया है। फारेंसिक टीम ने मौके पर थाना पुलिस के साथ सुबूत एकत्र किए हैं।
