रामपुर में शादी अनुदान के नाम पर चार युवतियों से ठगी, आरोपी को एसटीएफ ने पकड़ा
रामपुर,अमृत विचार। शादी अनुदान के नाम पर चार युवतियों से 2 लाख की ठगी करने वाले विकलांग आरोपी को बरेली एसटीएफ ने मंगलवार को पकड़ लिया। एएसपी डा. संसार सिंह ने कहा कि गंज थाने में ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से चालान किया …
रामपुर,अमृत विचार। शादी अनुदान के नाम पर चार युवतियों से 2 लाख की ठगी करने वाले विकलांग आरोपी को बरेली एसटीएफ ने मंगलवार को पकड़ लिया। एएसपी डा. संसार सिंह ने कहा कि गंज थाने में ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से चालान किया गया।
गंज थाना क्षेत्र की चार युवतियों को शादी के लिए डा. भीमराव अंबेडकर जन कल्याण सेवा समिति व रोजगार कल्याण योजना के तहत शासन से प्रति युवती की शादी के लिए 3 लाख 80 हजार रुपये दिलवाने के नाम पर एक युवक ने ठगी की। चारों युवतियों से करीब 2 लाख रूपये युवक ने अपने अकाउंट में डलवा लिए थे। फार्म भरवाकर कहा कि कुछ दिन बाद आपके पते पर चेक आ जाएंगे।
कुछ दिन बाद उनके पते पर 3 लाख 80 हजार रुपये के 4 चेक प्राप्त हुए। जो उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय डा. भीमराव अंबेडकर जन कल्याण सेवा समिति द्वारा संचालित जिला रामपुर शादी अनुदान व रोजगार कल्याण योजना केंद्र लखनऊ उत्तर प्रदेश जिला मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्गत किए गए थे। बैंक में चेक लगाए जाने पर चारों चेक बाउंस हो गए।
इसकी शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय से की गई। अपर मुख्य सचिव ने 28 मई को अपर पुलिस महानिदेशक एसटीएफ को पत्र लिखा और मामले में जांच के लिए उच्च अधिकारियों ने एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। निरीक्षक अजयपाल ने जांच के दौरान जिनके चेक बाउंस हुए, उनसे पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पीड़ितों ने बताया कि जिला अस्पताल में इस्लाम हुसैन नाम का एक व्यक्ति मिला था। उसने पेंशन बंधवाने और लड़कियों की शादी के लिए अनुदान दिलवाने के लिए फार्म भरवाए थे। उसने कहा था कि शासन से 3 लाख 80 हजार रुपये मिलेंगे। लेकिन उसके लिए दो लाख रुपये उसने अपने खाते में डलवा लिए थे। कुछ दिनों के बाद चेक तो मिल गए। लेकिन बैंक में लगाने के दौरान बाउंस हो गए थे।
जब इस्लाम से इस चेक के बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि चेक बाउंस हो गए हैं, सीधे तुम्हारे खातों में पैसे डलवा देंगे। इस काम को करवाने के लिए उसने चार लोगों से कई बार में प्रत्येक से 50 हजार रुपये पेटीएम और बैंक एकांउट में डलवा लिया और उसके बाद पीड़ितों का फोन रिसीव करना छोड़ना दिया।
आरोपी ने खुद को बताया बीएएमएस डाक्टर
छानबीन में पुलिस ने इस्लाम हुसैन के बारे में जानकारी हासिल की तो पता चला कि वह थाना बिलासपुर के गांव ज्वालापुर भैंसिया निवासी है और पैरों से विकलांग है। वह खुद को बीएएमएस डाक्टर बताता है। वर्तमान मे ठग इस्लाम उत्तराखंड के रामनगर में अपनी ससुराल गुल्लर घाटी में रह रहा है। इस्लाम हुसैन के पास टीम को भेजकर बुलाया गया। पूछताछ के दौरान उसने बरेली एसटीएफ के निरीक्षक अजयपाल सिंह को बताया कि वह शादी के लिए अनुदान दिलवाने पर फार्म भरवाता है। आरोपी ने कबूला कि उक्त लोगों को अपने ही बैंक अकाउंट के 4 चेक तथा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय के नाम से पत्र कूट रचित तरीके से तैयार कर रजिस्ट्री डाक से भेजे थे।
आरोपी से मिला विकलांग परिचय पत्र व मोबाइल
एसटीएफ को आरोपी इस्लाम हुसैन के पास से एक विकलांग परिचय पत्र एवं मोबाइल मिला है। मोबाइल पर आई कॉल डिटेल का ब्यौरा भी एसटीएफ एकत्र कर रही है। एसटीएफ को अंदेशा है कि इस्लाम के कहीं और भी तार जुड़े हो सकते हैं।
