सीतापुर: गैंगस्टर मोहम्मद नफीस के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
सीतापुर। गैंग बनाकर लूट जैसी जघन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी गैंगस्टर नफीस के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अपराध के जरिए अर्जित की गई उसकी एक करोड़ पांच लाख से अधिक की संपत्ति को जप्त कर लिया है। अब पुलिस नफीस के गुर्गों की भी कुंडली खंगालने …
सीतापुर। गैंग बनाकर लूट जैसी जघन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी गैंगस्टर नफीस के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अपराध के जरिए अर्जित की गई उसकी एक करोड़ पांच लाख से अधिक की संपत्ति को जप्त कर लिया है। अब पुलिस नफीस के गुर्गों की भी कुंडली खंगालने में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों के खिलाफ जारी कार्रवाई आगे भी चलती रहेंगी।
दरअसल शहर से सटे रामकोट थाना क्षेत्र के बिजोरा गांव निवासी मोहम्मद नफीस पुत्र शरीफ के खिलाफ थाना रामकोट व शहर कोतवाली में कई जघन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह रामकोट थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस ने उस पर गैंगस्टर भी लगाया है। इंस्पेक्टर टीपी सिंह ने बताया कि नफीस गैंग बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
रियल स्टेट का काम किया था शुरू
उसके गैंग में खादिम उर्फ सुल्तान जैसे कई और अपराधी भी शामिल हैं। इंस्पेक्टर ने बताया की नफीस ने अपराध के जरिए पैसा कमा कर अपनी बड़ी सल्तनत खड़ी कर ली थी। उसने शहर से सटे केशव ग्रीन सिटी जैसी पास कॉलोनी में दो मंजिला मकान बना लिया था। उसके पास कई दोपहिया व चौपहिया गाड़ियां भी हैं। अपराध के जरिए पैसा कमा कर उसने रियल स्टेट का काम भी शुरू कर दिया था।
उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के मुताबिक अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही जारी है। इसी सिलसिले में गैंगस्टर नफीस के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उसका एक मकान, लखनऊ सहित कई प्लाट, तीन वाहन सहित एक करोड़ पांच लाख रुपए की संपत्ति मंगलवार को जप्त की गई है। उसकी और उसके गैंग की अन्य संपत्तियों का भी पता लगाया जा रहा है। पता लगने पर उनको भी जप्त किया जाएगा।
क्या बोले अधिकारी
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव दीक्षित ने बताया कि गैंगस्टर नफीस की अपराध से अर्जित की गई संपत्ति को जप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि डीएम के आदेश पर तहसीलदार सदर, शहर कोतवाल टीपी सिंह, रामकोट थाना अध्यक्ष संजीत सोनकर सहित पूरी पुलिस और प्रशासनिक टीम ने एक करोड़ पांच लाख रुपए की संपत्ति जप्त कर ली है।
रियल स्टेट कारोबारियों को देता था अपने गैंग का संरक्षण
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गैंगस्टर अपराधी नफीस ने रियल स्टेट कारोबार में भी हाथ डाल दिया था। अपने क्षेत्र की किसी भी प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त में नफीस का नाम शामिल रहता है। अपने गृह क्षेत्र में बनने वाली कालोनियों व प्रॉपर्टी की खरीद और बिक्री में आने वाली स्थानीय अड़चनों को वह अपने गैंग के बूते दूर करता था और शहर के कुछ नामचीन रियल स्टेट कारोबारियों को गैंग का संरक्षण भी देता था।
हार गया था प्रधानी का चुनाव
जानकार बताते हैं कि हिस्ट्रीशीटर नफीस पैसा कमाने के बाद अब सफेदपोश नेता बनने की दौड़ में शामिल हो रहा था। उसने क्षेत्र में अपने दखल और दबदबे को बढ़ाने के लिए हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव में प्रधानी का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उसकी हर करतूत से बाखबर क्षेत्रीय जनता ने उसे नामंजूर कर दिया। जिससे उसका नेता बनने का सपना चकनाचूर हो गया।
