बरेली: शराब लेकर जा रहे टैंकर चालक की लूट के बाद हत्या
बरेली, अमृत विचार। रामपुर डिस्टलरी से टैंकर में शराब लेकर बाराबंकी जा रहे ड्राइवर की लूटपाट बाद हत्या कर दी गई। वारदात बरेली के लखनऊ नेशनल हाईवे स्थित फरीदपुर में निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास हुई। फरीदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार मिश्र ने बताया कि रामपुर में मिलक तहसील के पटिया गांव का निवासी 45 …
बरेली, अमृत विचार। रामपुर डिस्टलरी से टैंकर में शराब लेकर बाराबंकी जा रहे ड्राइवर की लूटपाट बाद हत्या कर दी गई। वारदात बरेली के लखनऊ नेशनल हाईवे स्थित फरीदपुर में निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास हुई।
फरीदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार मिश्र ने बताया कि रामपुर में मिलक तहसील के पटिया गांव का निवासी 45 वर्षीय वाहन चालक राजेन्द्र सोमवार को रामपुर डिस्टलरी से टैंकर में शराब भरकर बाराबंकी रवाना हुआ था। वह मंगलवार की शाम तक बाराबंकी नहीं पहुंचा तब उसकी तलाश शुरू हुई। ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने जीपीएस से लोकेशन पता की तो वह फरीदपुर में लखनऊ-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास मिली।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को देर रात ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी और ट्रक चालक के परिजन मौके पर पहुंचे। राजेंद्र का शव ट्रक के केबिन से बरामद हुआ। उनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। तलाशी के दौरान ट्रक से और ड्राइवर की जेब से रुपये सहित कुछ भी बरामद नहीं हुआ। इस आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि लूटपाट का विरोध करने पर उसकी हत्या करके शव केबिन में ही छिपा दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चालक राजेंद्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
