बरेली: 14 जून से जिले में शुरू होगा फोकस वैक्सीनेशन
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप कम होते ही स्वास्थ्य विभाग का पूरा जोर जिले के अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेशन के जरिए प्रतिरक्षित करने का है। इसके लिए शासन की ओर से फोकस वैक्सीनेशन का निर्देश जारी किया गया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग रेहड़ी-पटरी दुकानदार, ऑटो रिक्शा चालकों …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप कम होते ही स्वास्थ्य विभाग का पूरा जोर जिले के अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेशन के जरिए प्रतिरक्षित करने का है। इसके लिए शासन की ओर से फोकस वैक्सीनेशन का निर्देश जारी किया गया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग रेहड़ी-पटरी दुकानदार, ऑटो रिक्शा चालकों का वैक्सीनेशन कराने में जुट गया है।
इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि शासन की ओर से वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए 14 जून से रेहड़ी-पटरी दुकानदारों एवं बस, ऑटो-टेंपो और ई-रिक्शा चालकों का भी वैक्सीनेशन कराया जाएगा। इसके पीछे शासन की मंशा है कि रेहड़ी-पटरी दुकानदार, ई-रिक्शा व ऑटो चालक आमजन से सीधे संपर्क में रहते हैं, जिस कारण सामुदायिक संक्रमण फैलने का खतरा अधिक रहता है। स्वास्थ्य विभाग आरटीओ कार्यालय में भी वैक्सीनेशन शिविर लगाएगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि 14 जून से प्रतिदिन आरटीओ कार्यालय में कम से कम 100 कॉमर्शियल वाहन चालकों-परिचालकों व 50 ऑटो व रिक्शा चालकों का वैक्सीनेशन कराया जाएगा। आरटीओ में वैक्सीनेशन कराने के लिए केवल ड्राइविंग लाइसेंस ही साथ में ले जाना होगा। यहां प्रतिदिन 150 लोगों को वैक्सीन लगवाई जाएगी।
