लखीमपुर खीरी: घर में मिला बालक का शव, चार लोगों पर हत्या का आरोप
मैगलगंज, अमृत विचार। मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर गांव में घर के अन्दर संदिग्ध अवस्था मे बालक का शव बरामद हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। फत्तेपुर …
मैगलगंज, अमृत विचार। मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर गांव में घर के अन्दर संदिग्ध अवस्था मे बालक का शव बरामद हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
फत्तेपुर चौकी क्षेत्र के अलीनगर गांव निवासी राम विजय कश्यप के चौदह वर्षीय पुत्र सौरभ उर्फ गोलू का शव उसी के घर के अंदर शुक्रवार दोपहर बरामद हुआ। राम विजय ने बताया कि वह कार चलाता है, गुरुवार को वह अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गया था जिसे वह रिश्तेदारी में छोड़ वापस आ गया था और सुबह कार लेकर घर से निकला था।
शुक्रवार दोपहर उसका बड़ा पुत्र बकरी चराने खेतों की तरफ गया था घर पर सौरभ अकेला था। दोपहर बाद सौरभ का शव घर के अन्दर पड़ा मिला। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक के गले मे रगड़ के निशान मिले हैं। इसके अलवा शव के पास ही बिजली केबिल का लगभग एक मीटर का टुकड़ा मिला है। कमरे के अंदर रखे बक्सों के कपड़े व अन्य सामान भी बिखरा मिला। सौरभ का शव देख उसके बड़े भाई ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
बालक का शव बरामद होने की खबर गांव में फैली तो मैगलगंज इंस्पेक्टर चन्द्रकान्त सिंह, चौकी प्रभारी फत्तेपुर समेत भारी फोर्स लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं बेटे का शव बरामद होने की सूचना पाकर उसके माता-पिता भी गांव वापस पहुंच गए।
परिजनों द्वारा बालक की रंजिशन हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर पुलिस को दी गई है। वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। इंस्पेक्टर चन्द्रकान्त सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह हत्या है या आत्महत्या।
