बरेली: लाखों की कार खरीदने के बाद नहीं करते सुरक्षा के इंतजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में अधिकांश घरों के बाहर सड़क या गली में कार खड़ी नजर आ जाएंगी। ऐसे ही हालत कस्बों के भी हैं। लोग लाखों की कीमत की महंगी कार तो अपनी सुविधा के लिए खरीद लेते हैं लेकिन उसकी सुरक्षा के इंतजाम नहीं करते हैं। घर के अंदर पार्किंग का स्थान नहीं …

बरेली, अमृत विचार। शहर में अधिकांश घरों के बाहर सड़क या गली में कार खड़ी नजर आ जाएंगी। ऐसे ही हालत कस्बों के भी हैं। लोग लाखों की कीमत की महंगी कार तो अपनी सुविधा के लिए खरीद लेते हैं लेकिन उसकी सुरक्षा के इंतजाम नहीं करते हैं। घर के अंदर पार्किंग का स्थान नहीं बनाते हैं। यही वजह है कि बाहर खड़ी कार को चोर आसानी से लेकर फरार हो जाते हैं। जिले में बीते दिनों 10 से अधिक कारें इसी तरह से चोरों ने गायब की थीं। पुलिस ने दो चोरों को तो पकड़ लिया है लेकिन उनके पास से जिले से चोरी हुई कोई कार बरामद नहीं हो सकी है।

शहर से पहले भी कार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। जिनमें बाहर के ही गैंग शामिल थे। अधिकांश घरों के बाहर खड़ी कारें ही रात में चोरी हुई थीं। कुछ दिनों पहले भी इसी तरह से सभी कारें चोरी हुईं। गैंग के सदस्यों ने एक-एक रात में अलग-अलग क्षेत्र से तीन-तीन कारें चोरी की थीं। जो लोग घरों के बाहर कार खड़ी करते हैं, वह सिर्फ लॉक के भरोसे ही रहते हैं, जबकि गिरफ्त में आया गैंग बड़ी आसानी से लॉक तोड़कर कार चोरी कर लेता था। वह कोडिंग मशीन से भी लॉक खोल देते थे। यहां तक कि उन्होंने एसटीएफ बरेली यूनिट के प्रभारी की भी कार बड़ी आसानी से चोरी कर ली थी और उन्हें भी पता नहीं चला था।

ऐसे में कार मालिकों को सिर्फ कार की लॉक और पुलिस गश्त के भरोसे ही कार घर के बाहर नहीं छोड़नी चाहिए। कार के अलावा भी अन्य वाहन सड़कों पर ही रात में खड़े होते हैं। यह वाहन भी आसानी से चोरी हो जाते हैं, इनमें ई-रिक्शा अधिक होते हैं। ई-रिक्शा चोरी करने वाले चोर सिर्फ उसकी बैट्री निकालकर ई-रिक्शा छोड़ देते हैं। इस तरह की चोरी की एक-दो घटनाओं में थाना पुलिस ध्यान ही नहीं देती है। जब तक एक से अधिक घटनाएं नहीं होती हैं, तब तक पुलिस भी हरकत में नहीं आती है।

संबंधित समाचार