हल्द्वानी: युवाओं की रगों में नशा घोलने वालों पर गुंडा एक्ट, होंगे जिला बदर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। युवाओं की रगों में नशा घोलने वाले चार आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अब इन आरोपियों को जिला बदर करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। आरोपियों के खिलाफ अब तक 10 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। ये छह सालों से नशे का कारोबार …

हल्द्वानी, अमृत विचार। युवाओं की रगों में नशा घोलने वाले चार आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अब इन आरोपियों को जिला बदर करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। आरोपियों के खिलाफ अब तक 10 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। ये छह सालों से नशे का कारोबार कर रहे हैं।

वनभूलपुरा थाना पुलिस ने आपराधिक प्रवृत्ति के चार आरोपियों के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। ये आरोपी क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार चलाते हैं। पुलिस में इनके खिलाफ अब तक मादक पदार्थों की तस्करी समेत 10 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। आरोपियों में नई बस्ती निवासी सरताज कुरैशी, मोहम्मद कमर, अनस कुरैशी और गफूर बस्ती निवासी मेराज उर्फ मेहराज शामिल हैं।

ये आरोपी 26 से लेकर 43 वर्ष के हैं। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी छह साल से अधिक समय से क्षेत्र में नशे का कारोबार कर रहे हैं। एसओ प्रमोद पाठक ने बताया कि गुंडा एक्ट में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद इन्हें जिला बदर किया जाएगा। पुलिस इस संबंध में भी कार्रवाई कर रही है।

करतूतों से नई पीढ़ी बर्बादी की कगार पर
हल्द्वानी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों की करतूत से युवा पीढ़ी बर्बादी की कगार पर है। ये आरोपी नशे के अवैध कारोबार से धन अर्जन करते हैं। अब तक सैकड़ों युवा इनके मकड़जाल में फंसकर अपना भविष्य बर्बाद कर चुके हैं। इनकी गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। साथ ही और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की आशंका भी बनी हुई है।

इलाके में हैं इन आरोपियों की दहशत
हल्द्वानी। इलाके में इन आरोपियों की इतनी दहशत है कि कोई भी इनके खिलाफ पुलिस में शिकायत करते और गवाही देने के लिए तैयार नहीं रहता है। थाना क्षेत्र के गली-मोहल्लों में इनका भय और आतंक छाया है। इनकी छवि आम जनमानस में अच्छी नहीं है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों की आपराधिक प्रवृत्ति और गतिविधियों को देखते हुए इनका क्षेत्र में रहना समाज के लिए अहितकारी है।

संबंधित समाचार