सीतापुर: युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क के किनारे शव फेंक कर भागे हत्यारे 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। घर से शादी समारोह के लिए निकले एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद उसकी लाश को रामकोट थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया। सुबह लोगों ने झाड़ियों के पास लाश पड़ी देखी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। जिसके बाद मृतक की पहचान …

सीतापुर। घर से शादी समारोह के लिए निकले एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद उसकी लाश को रामकोट थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया। सुबह लोगों ने झाड़ियों के पास लाश पड़ी देखी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। जिसके बाद मृतक की पहचान शहर के मोहल्ला कोट कर्बला के रहने वाले शाहरुख अंसारी (25) के रूप में की गई है।

एहतियात के तौर पर मृतक के मोहल्ले में पुलिस फोर्स लगा दी गई है। परिवार के लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों पर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।  पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

दरअसल रामकोट थाना क्षेत्र में नवीन चौक हरदोई रोड पर रमपुरवा गांव के करीब रविवार की सुबह कुछ लोगों ने एक युवक की लाश पड़ी देखी। उसके सिर से खून बह रहा था। शरीर पर जख्मों के कई निशान थे। उसने जींस, काली शर्ट, जूते पहन रखे थे। शव देखने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर थाना अध्यक्ष संजीत सोनकर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

जिसके बाद क्राइम ब्रांच टीम व सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह भी मौके पर गए। इस सनसनीखेज घटना की खबर पाकर पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और मातहत पुलिस अधिकारियों को जल्द ही घटना के खुलासे का निर्देश दिए। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि मृतक शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट कर्बला का निवासी है।

मोहल्ले के लोगों को बुलाया गया तो मृतक की पहचान शाहरुख अंसारी पुत्र मोहम्मद मोईन उर्फ महेश के रूप में पहचान हुई। शव की पहचान के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एक्सरे कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सूत्रों का कहना है कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। उसकी मोहल्ले के ही कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी।

कल शाम को घर से निकला था मृतक
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक शाहरुख शनिवार की शाम को घर से निकला था। वह शहर में ही किसी शादी समारोह में शिरकत करने गया था। वहां से लौट कर वापस नहीं आया। परिवारों के लोगों ने काफी खोजबीन की थी, लेकिन पता नहीं चला था। परिवार के लोगों ने मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर हत्या किए जाने की आशंका जताई हैं। कुछ लोगों से मृतक की रंजिश चल रही थी।

सीओ बोले, जल्द होगा खुलासा
सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह का कहना है कि मृतक के परिवार के लोग मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जता रहे हैं। आशंका के आधार पर पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। मृतक शनिवार की शाम एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। उसके बाद सुबह उसका शव मिला है। उनका कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार