बरेली: विवि का ग्रीष्मकालीन अवकाश कल होगा समाप्त
फोटो- 14 एम 55 बरेली कॉलेज में फार्म जमा करते छात्र बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय का पूर्व ग्रीष्म कालीन अवकाश 15 जून को समाप्त हो जाएगा। 16 जून से विश्वविद्यालय परिसर व महाविद्यालयों में पूर्ण रूप से प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्य शुरू हो जाएंगे लेकिन, इस दौरान भौतिक कक्षाओं का संचालन नहीं होगा। …
फोटो- 14 एम 55 बरेली कॉलेज में फार्म जमा करते छात्र
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय का पूर्व ग्रीष्म कालीन अवकाश 15 जून को समाप्त हो जाएगा। 16 जून से विश्वविद्यालय परिसर व महाविद्यालयों में पूर्ण रूप से प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्य शुरू हो जाएंगे लेकिन, इस दौरान भौतिक कक्षाओं का संचालन नहीं होगा।
कोरोना के चलते 15 अप्रैल से विश्वविद्यालय व महाविद्यालय बंद चल रहे हैं। शासन के दिशा-निर्देशों के बाद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह ने 1 मई से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया था। इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश भी दिए थे।
कुछ दिनों बाद शासन ने पूरी तरह से शिक्षण संस्थान बंद कर दिए थे लेकिन 20 मई से फिर से ऑनलाइन कक्षाओं के निर्देश जारी किए थे। कुलपति ने 31 मई को ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने पर एक बार फिर से 15 दिनों के लिए अवकाश बढ़ा दिया था।
फार्म जमा करने पहुंचे छात्र
शासन ने मुख्य परीक्षाएं आयोजित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके लिए परीक्षा फार्म भी भरवाए जा रहे हैं। स्नातक व स्नात्कोत्तर की मुख्य परीक्षाओं के फार्म 10 जून से भरे जा रहे हैं और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के फार्म 15 जून से ऑनलाइन भरे जाएंगे। मुख्य परीक्षा के फार्म 17 जून तक छात्र महाविद्यालयों में जमा कर सकेंगे।
बरेली कॉलेज में सोमवार से परीक्षा फार्म जमा करने शुरू हो गए हैं। सोमवार को काफी संख्या में छात्र फार्म जमा करने पहुंचे। इस वर्ष अब तक मुख्य परीक्षाओं व सेमेस्टर परीक्षाओं को मिलाकर 4.96 लाख से अधिक फार्म भरे जा चुके हैं।
