उन्नाव: दो युवकों की मौत पर परिजनों का हंगामा, ग्रामीणों ने किया पथराव, 15 पुलिसकर्मी घायल
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर में बीते मंगलवार को सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई थी। शवों के पोस्टमार्टम होने के बाद नाराज़ परिजन व ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम सदर व सीओ ने परिजनों को समझाने की कोशिश …
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर में बीते मंगलवार को सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई थी। शवों के पोस्टमार्टम होने के बाद नाराज़ परिजन व ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग जाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम सदर व सीओ ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने उनकी ना सुनी। ग्रामीणों के न मानने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठियां बरसाना शुरू कर दीं। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में 15 पुलिसकर्मी घायल हुए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की फोर्स, स्वाट व महिला विंग भी बुलाई गई।
उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर करीब 3 घंटे तक यह घटनाक्रम चलता रहा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 35 ग्रामीणों को हिरासत में लिया है। वहीं घायल पुलिस कर्मियों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक आंनद कुलकर्णी पुलिस कर्मियों का हाल लेने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे और सीएमएस डॉ. बीबी भट्ट को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
जानिए आखिर क्या है पूरा मामला
दरअसल बीते मंगलवार सुबह उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर अकरमपुर के पास एक कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी थी। जिसमें मगरवारा चौकी क्षेत्र के गांव देवी खेड़ा निवासी राजेश व विपिन की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने शाम को जाम लगा दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार सवारों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर उन्हें शांत करा दिया था। लेकिन पूरी रात बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर परिजन व ग्रामीण नाराज़ हो गए और उन्होंने उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर सत्य प्रिय सिंह व सीओ सदर कृपा शंकर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए और पुलिस का विरोध करने लगे। मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। जिस पर पुलिस ने लाठियां पटककर उन्हें खदेड़ने का प्रयास किया। पुलिस का यह रूप देख लोग आक्रोशित हो गए और पथराव शुरू कर दिया। ग्रामीणों की संख्या अधिक होने के कारण कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए। इसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सदर कोतवाली व गंगाघाट सहित कई थानों की फोर्स बुलाई और गांव वालों पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
जानिए आखिर क्या है ग्रामीणों की मांग
ग्रामीण सड़क हादसे में मृत दोनों युवकों के परिजनों और आश्रितों को 20-20 लाख रुपए मुआवजा व कार सवार लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
