बरेली: उप मुख्यमंत्री को ठंडा रखने के पंडाल में लगाए गए एसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नेताओं को खुश करने के लिए अधिकारी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते हैं। ऐसा ही यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बरेली भ्रमण के दौरान हुआ। सर्किट हाउस के मैदान में बनाए गए पांडाल में जब गर्मी बढ़ी तो अधिकारी परेशान हो गए। पांडाल लगाने वालों को तुरंत चार एसी का इंतजाम …

बरेली, अमृत विचार। नेताओं को खुश करने के लिए अधिकारी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते हैं। ऐसा ही यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बरेली भ्रमण के दौरान हुआ। सर्किट हाउस के मैदान में बनाए गए पांडाल में जब गर्मी बढ़ी तो अधिकारी परेशान हो गए। पांडाल लगाने वालों को तुरंत चार एसी का इंतजाम करने के लिए बोला गया लेकिन सिर्फ दो ही एसी का इंतजाम हो सका।

एसी को एक लकड़ी के बोर्ड पर खड़ा करके लगाया गया जो खतरनाक था। जबकि उपमुख्यमंत्री सिर्फ आधा घंटा ही पांडाल में मुश्किल से रुके। इस दौरान सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दूरी का भी जमकर उल्लंघन हुआ। पांडाल में पांच कूलर भी लगाए थे इस तरह के कूलर बरेली में पहली बार किसी कार्यक्रम में लगाए गए थे।

उपमुख्यमंत्री को सर्किट हाउस में दोपहर 2:20 पीएम पर पहुंचना था। तय कार्यक्रम के अनुसार पहले से ही सभी तैयारियां की गईं थी। जिस जगह पर पांडाल लगाया गया, उसके चारों तरफ परियोजनाओं के लोकापर्ण और शिलान्यास के शिलापट लगाए गए थे। एक मंच तैयार किया गया था जिसपर 14 सोफे लगाए गए थे। इसके अलावा मंच के सामने 10 सोफे और कुर्सियां बैठने के लिए लगायी गई थीं।

गर्मी से बचने के लिए पहले पंखों और पांच बड़े कूलरों का इंतजाम किया गया था। इससे पहले भी किसी कार्यक्रम में कूलर का ही इंतजाम किया जा रहा था। जब कूलर चलने पर भी गर्मी कम नहीं हुई तो अधिकारी परेशान हो गए कि कहीं गर्मी की वजह से उपमुख्यमंत्री नाराज न हो जाएं।

फिर क्या था तुरंत एसी का इंतजाम शुरू कर दिया गया। दो-दो टन के चार एसी मंगाए गए। किसी तरह से नामी कंपनी के एसी पांडाल में पहुंचे तो फिर उन्हें लगाने की जदोजहद शुरू हो गई, क्योंकि मंच पर सिर्फ पर्दे लगे हुए थे। इनमें एसी लगाए नहीं जा सकते थे। किसी तरह दो एसी लगाए जा सके। इसके लिए एक लकड़ी का बोर्ड मंगाया गया। इस बोर्ड को उस जगह पर लगाया गया, जहां से केशव मौर्य को बोलना था।

कोई बोला 18 पर तो कोई बोला 24 डिग्री पर चलाएं
एसी लगने के बाद भी अधिकारी परेशान रहे क्योंकि मंच ठंडा नहीं हो रहा था। जिस कर्मचारी ने एसी लगाए थे, उसे कई अधिकारियों ने घेर लिया। कोई बोला 18 डिग्री तो कोई बोला 24 डिग्री पर एसी चलाओ। इस पर कर्मचारी भी परेशान हो गया। अंत में 22 डिग्री पर एसी चलाने का निर्णय लिया गया। हालांकि उप मुख्यमंत्री के आधा घंटे के कार्यक्रम के बाद तुरंत एसी खोल लिए गए।

संबंधित समाचार