रामपुर: पेट्रोल पंप के टैंक में आग लगने से 6 मजदूर झुलसे, दो की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/बिलासपुर/अमृत विचार। हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप पर जमीन में रखे पुराने टैंक को बाहर निकालते समय भीषण आग लग गई। यह आग हैमर मशीन से निकली चिंगारी के कारण लगी। वहां काम कर रहे छह मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। जिसमें दो की हालत गंभीर है। एक घंटे चली मशक्कत के बाद आग …

रामपुर/बिलासपुर/अमृत विचार। हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप पर जमीन में रखे पुराने टैंक को बाहर निकालते समय भीषण आग लग गई। यह आग हैमर मशीन से निकली चिंगारी के कारण लगी। वहां काम कर रहे छह मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। जिसमें दो की हालत गंभीर है। एक घंटे चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना गुरुवार सवेरे करीब 10 : 30 बजे की है। नगर में हाईवे पर शनिवार की साप्ताहिक पैठ के सामने स्थित अग्रवाल ऑटो सेल्स नाम के पेट्रोल पम्प पर तेल डलवाने आए ग्राहकों की भीड़ लगी हुई थी। पंप के परिसर में ही जमीन में गढ़े पेट्रोल के एक पुराने टैंक को बाहर निकालने के लिए आधा दर्जन मजदूर हैमर मशीन से फर्श को तोड़ रहे थे।

फर्श के पत्थरों को तोड़ते समय अचानक मशीन से निकली चिंगारी जमीन में गड़े टैंक के खुले मुंह से अंदर चली गई और उसमें मौजूद बचे हुए पेट्रोल ने तुरंत आग पकड़ ली। टैंक से निकले आग के भीषण फव्वारे ने वहां काम कर रहे सभी छह मजदूरों को अपनी चपेट में लेकर बुरी तरह झुलसा दिया।

इससे पंप पर भगदड़ मच गई और पेट्रोल या डीजल भरवाने आए ग्राहक अपने वाहन छोड़-छोड़कर भाग लिए। यह दृश्य देखकर हाईवे पर भी भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग का भीषण रूप होने के बावजूद पेट्रोल पंप स्वामी व कर्मचारियों ने हार नहीं मानी। उन्होंने पंप पर मौजूद एंटी फायर सिस्टम, पानी, रेत आदि से तुरंत आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं, सूचना मिलने पर थोड़ी ही देर में फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंच गई।

दमकल वाहन ने पेट्रोल के टैंक में पानी भरकर आग को पूरी तरह से शांत किया। बुरी तरह झुलसे छह मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। इन मजदूरों में पट्टी बसंतपुर गांव निवासी प्रेमशंकर (35) व गुड्डू (30), सराय कदीम गांव निवासी चंद्रसेन (36), मेघा नगला गांव निवासी तेजपाल (32), भैंसिया ज्वालापुर गांव निवासी दिनेश कुमार (35) तथा मोहल्ला शांति कॉलोनी निवासी अर्जुन (25) शामिल हैं। इनमें से ज्यादा झुलसे होने के कारण गुड्डू व अर्जुन को बर्न यूनिट के लिए रेफर किया गया है।

घटना आकस्मिक थी। पंप स्वामी ने कोई संदेह नहीं जताया है और न ही कोई तहरीर प्राप्त हुई है। झुलसे लोगों का पंप स्वामी उपचार करा रहे हैं।-प्रिंस शर्मा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली बिलासपुर

संबंधित समाचार