बरेली: यूजीसी के जॉब पोर्टल पर कर्मचारियों का भी होगा आंकड़ा
बरेली, अमृत विचार। उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों के साथ कर्मचारियों (नान टीचिंग) के कितने पद खाली हैं इसकी जानकारी यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के एकेडिमिक जॉब पोर्टल से आसानी से पता चल जाएगी। यूजीसी जॉब पोर्टल का नवीनीकरण करने जा रहा है, जिसमें कर्मचारियों के पदों का भी आंकड़ा रखा जाएगा। यूजीसी ने सभी …
बरेली, अमृत विचार। उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों के साथ कर्मचारियों (नान टीचिंग) के कितने पद खाली हैं इसकी जानकारी यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के एकेडिमिक जॉब पोर्टल से आसानी से पता चल जाएगी। यूजीसी जॉब पोर्टल का नवीनीकरण करने जा रहा है, जिसमें कर्मचारियों के पदों का भी आंकड़ा रखा जाएगा।
यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालय के कुलपतियों को पत्र लिखकर सूचना अंकित करने के निर्देश दिए हैं। जॉब पोर्टल पर आंकड़ा होने से उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को भी आसानी से पता चल सकेगा कि किस संस्थान में कितने पद खाली हैं। इसके हिसाब से वह नौकरी का विज्ञापन निकलने पर आवेदन कर सकते हैं।
यूजीसी के एकेडिमिक जॉब पोर्टल पर अभी तक नेट, सेट और पीएचडी करने वालों का आंकड़ा रहता था। इस पर छात्र अपना प्रोफाइल बनाकर जानकारी अंकित करते थे ताकि उन्हें नौकरी में किसी तरह की दिक्कत न हो। विश्वविद्यालय भी इस पोर्टल के जरिए छात्र की शैक्षणिक जानकारी भी आसानी से प्राप्त कर लेते थे। वर्तमान में पोर्टल पर नेट के 53 हजार, नेट जेआरएफ के 13 हजार, सेट के 14 हजार और पीएचडी के 25 हजार से अधिक छात्रों की जानकारी अंकित है।
बरेली कॉलेज के यूजीसी समन्वयक डाॅ. अविनाश अग्रवाल ने बताया कि यूजीसी की ओर से जॉब पोर्टल को लेकर नोटिस जारी किया गया है। इस नोटिस के तहत विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को अपने संस्थान में कर्मचारियों के कितने पद खाली हैं इसकी जानकारी देनी होगी। अभी तक शिक्षक के पद के लिए पोर्टल पर जानकारी मौजूद थी। अब बदलाव होने से अधिक से अधिक छात्रों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा शिक्षण संस्थान भी छात्र की योग्यता के आधार पर रिक्त पद आसानी से भर सकेंगे।
