रामपुर: साले ने जीजा को चाकू मारकर मौत के घाट उतारा, शादी की खुशियां मातम में बदली
रामपुर/ढकिया,अमृत विचार। विवाह समारोह में शामिल होने आए जीजा की शराब पीने के बाद साले ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला बदायूं के थाना वजीरगंज के गांव निजामपुर निवासी 60 साल के राजेंद्र वाल्मीकि की रामपुर जिले के गांव रवानी पट्टी में अमर …
रामपुर/ढकिया,अमृत विचार। विवाह समारोह में शामिल होने आए जीजा की शराब पीने के बाद साले ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिला बदायूं के थाना वजीरगंज के गांव निजामपुर निवासी 60 साल के राजेंद्र वाल्मीकि की रामपुर जिले के गांव रवानी पट्टी में अमर सिंह के यहां ससुराल है। बृहस्पतिवार की रात को साले अमर सिंह की बेटी कविता की बारात आई थी। साले की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए राजेंद्र भी परिवार के साथ ससुराल आया था।
लोगों का कहना है कि शुक्रवार दोपहर को लड़की के विदा हो जाने के बाद दोनों ने साथ बैठककर शराब पी। शराब पीने के दौरान ही अमर सिंह के सगे भाई प्रथम वाल्मीकि व जीजा राजेंद्र वाल्मीकि के बीच कुछ विवाद हो गया। विवाद बढ़ जाने पर जीजा राजेंद्र पड़ोसी जगदीश के घर सोने चला गया।
शराब के नशे में धुत्त प्रथम वाल्मीकि भी जगदीश के घर जा पहुंचा और उसने चारपाई पर सो रहे जीजा के सीने पर छुरी से दो वार किए। राजेंद्र के सगे साले प्रथम वाल्मीकि द्वारा छुरी से हमला करते ही जीजा की चीख निकल गई। चीख सुनते ही प्रथम वाल्मीकि मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही शादी में आई राजेंद्र की पत्नी सरोज व उसकी बेटी राखी ने एंबुलेंस बुलाकर राजेंद्र को शाहबाद अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर देख डाक्टर ने राजेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन एंबुलेंस से ही शव को लेकर ढकिया पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी प्रभारी अमर सिंह राठौर ने उच्च अधिकारियों को हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ मिलक श्रीकांत प्रजापति ढकिया पुलिस चौकी पहुंचे। हत्या के संबंध में मृतक के परिजनों से बारीकी से पूछताछ की।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। राजेंद्र की मौत हो जाने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। उधर राजेंद्र की मौत हो जाने के बाद शादी की खुशियां भी मातम में बदल गईं। मृतक के पुत्र जितेंद्र ने मामा प्रथम वाल्मीकि के खिलाफ पिता की छुरी मारकर हत्या कर देने की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी को तलाश रही है।
– श्रीकांत प्रजापति, क्षेत्राधिकारी पुलिस मिलक
ढकिया चौकी क्षेत्रान्तर्गत रवाना पट्टी गांव में साले ने जीजा को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आरोपी की तलाश की जा रही है।
