बरेली: जिले में निकले आठ नए संक्रमित, 85 फीसद युवा व 31 फीसदी बुजुर्गों ने कराया वैक्सीनेशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में आठ नए कोरोना संक्रमित मिले लेकिन मौत एक भी नहीं हुई। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 4,539 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 4,351 लोगों …

बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में आठ नए कोरोना संक्रमित मिले लेकिन मौत एक भी नहीं हुई। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 4,539 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 4,351 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, 7,218 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज व 121 सक्रिय मामले रह गए है। अधिकारियों के अनुसार संक्रमितों को स्थितिवार होम आइसोलेशन व कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिले में 85 फीसद युवा व 31 फीसदी बुजुर्गों ने कराया वैक्सीनेशन
टीकाकरण के प्रति युवाओं की जागरुकता बढ़ती जा रही है, वहीं, बुजुर्गों की संख्या कम हो रही है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 13,700 लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसके सापेक्ष 7,976 लोगों ने कोविड संक्रमण के खिलाफ टीकाकरण कराया। इनमें 45 से ज्यादा आयुवर्ग के लिए 7,000 लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य था। इनमें से 2,049 लोगों ने कोवि शील्ड व 141 लोगों ने कोवैक्सीन की डोज लगवाई।

विभागीय रिपोर्ट के अनुसार कुल 2,190 यानी 31 प्रतिशत लोगों ने टीकाकरण कराया। वहीं 18 से 44 आयुवर्ग के लिए कुल 6,700 का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 5,761 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। 18 से अधिक उम्र के 5,020 लोगों को कोविशील्ड और 741 लोगों को कौवेक्सीन लगाई गई। यानी इस आयुवर्ग में कुल 5,761 यानी करीब 85 प्रतिशत लोगों ने वैक्सीन लगवायी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन को लेकर व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जल्द ही जिले में शत प्रतिशत का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

विशेष टीकाकरण केंद्रों पर भी लगी वैक्सीन
शहर में कई जगह विशेष केंद्रों पर भी टीकाकरण किया गया। इनमें अभिभावक और महिला स्पेशल टीकाकरण केंद्र बनाकर वैक्सीन लगाई गई। शहर में 13 अलग-अलग जगह भी वैक्सीन लगाई गई। इनमें गांधीनगर में विधायक और कैंट में महापौर के कैंप आफिस में कैंप लगाकर टीकाकरण किया गया। इसके अलावा जिला जेल और सेंट्रल जेल, आरटीओ, रोडवेज, बीएसए कार्यालय आदि में भी वैक्सीनेशन हुआ।

संबंधित समाचार