बरेली: एसटीपी लगाने में फंसे अड़ंगों को दूर करने के लिए शासन ने तलब की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत रामगंगा सहित तमाम अन्य नदियों को प्रदूषण से बचाने की योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। शहर में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से तीन जगहों पर एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) बनाया जाना है। इसकी टेंडर प्रक्रिया में विलंब होने से निर्माण कार्य में विलंब …

बरेली, अमृत विचार। नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत रामगंगा सहित तमाम अन्य नदियों को प्रदूषण से बचाने की योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। शहर में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से तीन जगहों पर एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) बनाया जाना है। इसकी टेंडर प्रक्रिया में विलंब होने से निर्माण कार्य में विलंब हो रहा है। एसटीपी निर्माण को लेकर शासन ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को रिपोर्ट के साथ लखनऊ तलब किया है।

अभी शहर के नालों का गंदा पानी सीधे नदियों में मिलने से रामगंगा, नकटिया सहित दूसरी नदियों का बड़े पैमाने पर पानी दूषित हो रहा है। इसे लेकर कई बार नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) भी अधिकारियों की कई बार फटकार लगा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि पहले जमीन का अधिग्रहण न हो पाने से लंबे समय से यह काम अटका हुआ है। अब टेंडर प्रक्रिया होनी है। एसटीपी लगाने के लिए बारीनगला में जमीन अधिग्रहण का काम काफी पहले पूरा हो चुका है।

एयरफोर्स के पास ततातरपुर में जमीन भी ली जा चुकी है। हरुनगला में जमीन का प्रकरण निस्तारित हो चुका है। तीनों ही जगहों पर एसटीपी का काम शुरू करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया काफी समय से चल रही है लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। इस प्रोजेक्ट को लेकर कौन से अड़ंगे फंस रहे हैं, इसकी जानकारी के लिए शासन ने जल निगम के अधिशासी अभियंता संजय सिंह का बुलाया है।

नालों का गंदा पानी सीधे नदियों में जाने से एनजीटी का उल्लंघन
जिले होकर गुजरने वाली रामगंगा नदी में शहर के सीवर, ड्रेनेज और उद्योगों का गंदा गिरने से इसका पानी प्रदूषित हो रहा है। रामगंगा, नकटिया और किला आदि नदियां बड़े भू-भाग बहती है। सराय तलफी और बाकरगंज के पास गुजरने वाली किला नदी का पानी शहर के गंदा पानी से काला हो चुका है। यह पानी ऊंचा गांव के पास रामगंगा में गिरता है जबकि दूसरी तरफ शहर के हिस्से का पानी नकटिया नदी से होकर आने वाला पानी रामगंगा नदी को मैला कर रहा है।

शासन ने मांगी जानकारी
अधिशासी अभियंता जल निगम संजय कुमार ने बताया कि एसटीपी बनाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। शासन ने इस संबंध में और ज्यादा जानकारी मांगी है। एसटीपी का काम जल्द शुरू किया जाना है।

संबंधित समाचार