टोक्यो ओलंपिक में स्ट्राइकर रानी संभालेंगी हॉकी इंडिया की कमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने अनुभवी स्ट्राइकर रानी को सोमवार को टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली 16 सदस्यीय टीम का कप्तान नियुक्त किया है। रानी न केवल अपने ऑन-फील्ड प्रदर्शनों के लिए, बल्कि टीम में युवाओं का मार्गदर्शन करने की अपनी सहज क्षमता के लिए भी कप्तान के रूप …

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने अनुभवी स्ट्राइकर रानी को सोमवार को टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली 16 सदस्यीय टीम का कप्तान नियुक्त किया है। रानी न केवल अपने ऑन-फील्ड प्रदर्शनों के लिए, बल्कि टीम में युवाओं का मार्गदर्शन करने की अपनी सहज क्षमता के लिए भी कप्तान के रूप में पहली पसंद हैं।

हॉकी इंडिया ने इसके अलावा बेहद भरोसेमंद डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का और अनुभवी गोलकीपर सविता को महिला टीम के दो उप कप्तानों के रूप में नियुक्त किया है। दोनों खिलाड़ी लगभग एक दशक से इंडियन कोर ग्रुप में हैं और लीडरशिप ग्रुप का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उन्होंने भारत की शानदार जीतों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दोनों ने एफआईएच महिला विश्व कप में एक प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद 2018 में करियर की सर्वश्रेष्ठ नौ रैंकिंग हासिल की थी।

उल्लेखनीय है कि रानी की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले चार वर्षों में महत्वपूर्ण परिणाम हासिल किए हैं, जिसमें 2017 में एशिया कप जीतना, एशियाई खेलों 2018 में रजत पदक जीतना, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2018 में रजत और साथ ही 2019 में एफआईएच सीरीज का फाइनल जीतना शामिल है। रानी के नेतृत्व वाली टीम ने पहली बार लंदन में एफआईएच महिला विश्व कप 2018 के क्वार्टर फाइनल में भी जगह बनाई थी। वह भुवनेश्वर में एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर के दौरान भारत के प्रदर्शन का केंद्र बिंदु थीं, जहां उनके गोल ने टीम को क्वालीफिकेशन के लिए अमेरिका के खिलाफ 6-5 से आगे कर दिया था।

संबंधित समाचार