बरेली: कटरा चांद खां में पानी के साथ आ रहे कीड़े
बरेली, अमृत विचार। कटरा चांद खां में लोगों के घरों में पानी के साथ कीड़े आ रहे हैं। समस्या का समाधान न कर जलकल विभाग और जल निगम के अधिकारी एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। मेयर तक मामला सामने आने के बाद उन्होंने संबंधित दोनों ही विभागों को निर्देशित कर समस्या का जल्द ही …
बरेली, अमृत विचार। कटरा चांद खां में लोगों के घरों में पानी के साथ कीड़े आ रहे हैं। समस्या का समाधान न कर जलकल विभाग और जल निगम के अधिकारी एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। मेयर तक मामला सामने आने के बाद उन्होंने संबंधित दोनों ही विभागों को निर्देशित कर समस्या का जल्द ही निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
कटरा चांद खां मधुवन सिनेमा के सामने वाली गली निवासी आलोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि नई पानी की लाइन में कीड़े के साथ पानी आपूर्ति हो रही है। जल निगम के इंजीनियर कहते हैं कि अगर आपके घर के नल में पानी के साथ कीड़े आ रहे हैं तो पुरानी लाइन से कनेक्शन ले लो। उन्होंने बताया कि पुरानी लाइन से परेशानी थी, इसलिए नई लाइन से कनेक्शन लिया था।
उधर, जल निगम के इंजीनियरों ने इस मामले की गेंद जलकल विभाग के पाले में फेंक दी है। इस संबंध में जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरके यादव ने बताया कि लाइन जल निगम की है। हमने उन्हें पत्र लिखकर अवगत करा दिया है। कई कॉलोनी में पेयजल की पाइप लाइन को जल निगम ने अवर जलाशय से अभी तक नहीं जोड़ी है, जिस कारण पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
जबकि जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस समस्या का समाधान जलकल विभाग के अधिकारियों को ही करना चाहिए। मेयर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों ही विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है।
