बरेली: विश्वविद्यालय में परीक्षा फॉर्म जमा करने के दौरान हंगामा
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में सोमवार को परीक्षा फॉर्म जमा करने के दौरान अव्यवस्था फैल गई। परीक्षा विभाग में फॉर्म जमा करने वाले महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों की एक साथ भीड़ जुट गयी। महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने लंबी लाइन देखकर हंगामा कर दिया। जिसके बाद मामला परीक्षा नियंत्रक के पास पहुंचा। परीक्षा …
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में सोमवार को परीक्षा फॉर्म जमा करने के दौरान अव्यवस्था फैल गई। परीक्षा विभाग में फॉर्म जमा करने वाले महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों की एक साथ भीड़ जुट गयी। महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने लंबी लाइन देखकर हंगामा कर दिया। जिसके बाद मामला परीक्षा नियंत्रक के पास पहुंचा। परीक्षा नियंत्रक के समझाने के बाद फार्म जमा किए गए। इस दौरान कोरोना नियमों की जमकर धज्जियां भी उड़ीं।
शासन के दिशा-निर्देश के बाद विश्वविद्यालय ने स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम भी 15 जुलाई से जारी किया गया है। परीक्षा से पहले विश्वविद्यालय ने छूटे हुए छात्रों के लिए 10 जून से 16 जून तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरवाए। छात्रों ने 17 जून को महाविद्यालय में भरे हुए फॉर्म जमा किए थे। महाविद्यालयों को छात्रों के फार्म को सत्यापित कर 21 जून को विश्वविद्यालय में जमा करने की तिथि निर्धारित की गई थी।
विश्वविद्यालय से संबंध बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत 9 जिलों के 500 से अधिक महाविद्यालय में परीक्षा फॉर्म भरे गए थे। सोमवार को सभी महाविद्यालयों के प्रतिनिधि अपने अपने यहां जमा किए गए फॉर्म लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे। सुबह 10.30 बजे से फार्म जमा करना शुरू किया गया। एक साथ सभी महाविद्यालयों के प्रतिनिधि पहुंचने की वजह से काफी भीड़ एकत्र हो गई।
फार्म जमा करने के दौरान महाविद्यालयों के संलग्न पत्र में कमियां थीं। इसकी वजह से भी परेशानी हुई। विश्वविद्यालय में फोटोकॉपी को लेकर भी परेशानी हुई। एक साथ इतनी संख्या में लोगों के पहुंचने की वजह से शाम तक फॉर्म जमा होते रहे। फॉर्म जमा करने के लिए परीक्षा विभाग की गैलरी में लंबी लाइन लग गई। इसी से नाराज लोगों ने हंगामा भी कर दिया।
पहले की घटना से भी नहीं लिया सबक
विश्वविद्यालय में इससे पहले अप्रैल माह में महाविद्यालयों द्वारा परीक्षा फार्म जमा किए गए थे। उस दौरान विश्वविद्यालय में परीक्षा विभाग के कर्मचारियों के पटल बदलने को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। इस घटना से भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने सबक नहीं लिया और एक साथ सभी महाविद्यालयों को फॉर्म जमा करने के लिए बुला लिया। जबकि मौजूदा समय में कोरोना नियमों के तहत भीड़ जुटाने पर रोक है।
