मुरादाबाद: जहरीली गैस से दम घुटने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/डिलारी,अमृत विचार। तहखाने में बने अवैध शराब के गोदाम में हुए हादसे में शराब कारोबारी व उसके दो पुत्रों समेत चार लोगों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब शराब निकालने के लिए अंदर घुसा युवक जहरीली गैस की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए पहुंचे तीन अन्य लोग भी जान …

मुरादाबाद/डिलारी,अमृत विचार। तहखाने में बने अवैध शराब के गोदाम में हुए हादसे में शराब कारोबारी व उसके दो पुत्रों समेत चार लोगों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब शराब निकालने के लिए अंदर घुसा युवक जहरीली गैस की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए पहुंचे तीन अन्य लोग भी जान से हाथ धो बैठे। हादसे की सूचना पर डीआईजी, डीएम व एसएसपी मौके पर पहुंच गए।

उनकी मौजूदगी में जब जेसीबी से तहखाने को खोदा गया तो अरुणांचल प्रदेश मार्का अंग्रेजी शराब की 74 पेटियां बरामद हुईं। अवैध शराब की बरामदगी के बाद पुलिस ने कारोबारी के अन्य परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चारों की मौत की वजह स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।

हादसा सोमवार को देर रात डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर केसरिया में हुआ। यहां पर रहने वाला राजेंद्र सिंह कच्ची व अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त था। इस आरोप में वह जेल भी जा चुका था। जेल जाने के बाद पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए उसने गांव के बाहर नया मकान बनवाया। इसमें एक तहखाना भी बना था, जिसके अंदर वह दूसरे राज्यों की शराब की भंडारण करता था।

शराब को ढंकने के लिए ऊपर से गोबर के उपलों का ढेर लगा दिया जाता था, ताकि पुलिस की निगाह से बच सके। बताते हैं कि सोमवार की रात कोई शराब लेने आया तो राजेंद्र का बेटा हरकेश तहखाने के अंदर गया। काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो दूसरा बेटा प्रीतम, बाद में राजेंद्र और उसका नौकर रमेश भी तहखाने में चले गए। दावा किया जा रहा है कि तहखाने में बन रही जहरीली गैस ने चारों को चपेट में ले लिया।

काफी देर तक जब चारों बाहर नहीं आए तो परिवार के अन्य लोग तहखाने में उतरे। चारों को अचेत देखकर उनके होश उड़ गए। काफी मशक्कत के बाद उनको बाहर निकालकर एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात ही एसएसपी पवन कुमार और एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने मौका-मुआयना करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

मंगलवार को डीआईजी शलभ माथुर, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह व एसएसपी पवन कुमार निरीक्षण के लिए पहुंचे। अधिकारियों की उपस्थिति में जब जेसीबी की मदद से तहखाने को तोड़ा गया तो सभी हक्का-बक्का रह गए। उपलों की आड़ में अरुणांचल प्रदेश मार्का अंग्रेजी शराब की 74 पेटियां बरामद हुईं। उन्हें छिपाने के लिए ऊपर से गोबर के उपलों का बड़ा ढेर लगाया हुआ था।

अवैध कारोबार का खुलासा होने पर पुलिस ने मृतक राजेंद्र सिंह के अन्य परिजनों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। वहीं मंगलवार को देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिस कारण बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। हालांकि चारों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है।

संबंधित समाचार