हल्द्वानी: अब साइकलिंग ट्रैक और चिल्ड्रेन पार्क बढ़ाएंगे सिटी फॉरेस्ट की शान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहरवासियों के लिए खुशखबरी है। हल्द्वानी में बनने वाले कुमाऊं के पहले सिटी फॉरेस्ट की योजना एक कदम बढ़ गई है। वन विभाग ने सिटी फॉरेस्ट का सर्वे पूरा कर लिया है। यह हल्द्वानी ही नहीं कुमाऊं का पहला सिटी फॉरेस्ट होगा जिसमें साइकलिंग ट्रैक होगा। वन अधिकारियों के अनुसार रामपुर रोड …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहरवासियों के लिए खुशखबरी है। हल्द्वानी में बनने वाले कुमाऊं के पहले सिटी फॉरेस्ट की योजना एक कदम बढ़ गई है। वन विभाग ने सिटी फॉरेस्ट का सर्वे पूरा कर लिया है। यह हल्द्वानी ही नहीं कुमाऊं का पहला सिटी फॉरेस्ट होगा जिसमें साइकलिंग ट्रैक होगा।

वन अधिकारियों के अनुसार रामपुर रोड स्थित चीड़ डिपो के पास 10 एकड़ वन भूमि में सिटी फॉरेस्ट बनाया जा रहा है। देहरादून की तर्ज पर बनने वाले यह सिटी फॉरेस्ट सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस सिटी फॉरेस्ट में साइकिल प्रेमियों के लिए साइकलिंग ट्रैक, टहलने के लिए पाथ वे, बच्चों के मनोरंजन के लिए चिल्ड्रेन पार्क और खानपान के स्टॉल व शौचालय आदि होंगे। इस सिटी  फॉरेस्ट में एंट्री शुल्क लिया जाएगा ताकि इसकी हालत शहर के अन्य पार्कों की तरह नहीं हो। वन भूमि पर बनने वाले इस सिटी फॉरेस्ट के संचालन और देखभाल का जिम्मा वन विभाग को होगा।

इधर, वन विभाग ने सिटी फॉरेस्ट का सर्वे पूरा कर लिया है। अब नगर निगम के साथ मिलकर जल्द ही सिटी फॉरेस्ट का निर्माण शुरू किया जाएगा। अभी तक नैनीताल जनपद में ऐसा कोई  भी पार्क नहीं है, जहां परिवार के साथ जाकर समय बिताया जा सकें, इसलिए इस सिटी फॉरेस्ट का हल्द्वानी को बेसब्री से इंतजार है।

= शासन ने जारी कर चुका है दो करोड़ का बजट =

शासन ने पिछले साल सितंबर में ही इस पार्क के लिए 2 करोड़ रुपए का बजट जारी कर दिया था। शहरी विकास मंत्रालय के अंतर्गत नगर निगम को इस सिटी फॉरेस्ट के लिए बजट आवंटित किया गया है।

सिटी फॉरेस्ट का सर्वे पूरा हो गया है। इस फॉरेस्ट में साइकलिंग ट्रैक, पाथ वे, चिल्ड्रेन पार्क, खानपान के स्टॉल, शौचालय वगैरह होंगे। इस पार्क में एंट्री शुल्क वसूला जाएगा। इससे जो राजस्व मिलेगा उससे सिटी फॉरेस्ट का संचालन व रखरखाव किया जाएगा। सिटी फॉरेस्ट की जिम्मेदारी वन विभाग की होगी ।  

-डॉ. अभिलाषा सिंह, डीएफओ तराई केंद्रीय वन डिविजन, हल्द्वानी

संबंधित समाचार