बरेली: खमीर प्लांट लगाने को पीलीभीत में 250 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री करने की तैयारी
बरेली, अमृत विचार। बरेली मंडल के लोगों को जल्द खमीर के उत्पादों का स्वाद चखने को मिलेगा। पीलीभीत के अमरिया रोड पर पचपेड़ा में ब्रिटिश फूड कंपनी करीब 250 एकड़ भूमि में खमीर उत्पादन करने का प्लांट लगा रही है। 1000 करोड़ रुपए के निवेश से खमीर प्लांट लगवाने के लिए राज्य सरकार भी उत्सुक …
बरेली, अमृत विचार। बरेली मंडल के लोगों को जल्द खमीर के उत्पादों का स्वाद चखने को मिलेगा। पीलीभीत के अमरिया रोड पर पचपेड़ा में ब्रिटिश फूड कंपनी करीब 250 एकड़ भूमि में खमीर उत्पादन करने का प्लांट लगा रही है। 1000 करोड़ रुपए के निवेश से खमीर प्लांट लगवाने के लिए राज्य सरकार भी उत्सुक दिख रही है। उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की भूमि पर प्लांट लगाने के लिए कंपनी और यूपीसीडा के बीच प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिए प्रक्रियाएं पूरी करायी जा रही हैं। इस सप्ताह रजिस्ट्री की उम्मीद है।
कंपनी के आने के बाद पीलीभीत के अलावा बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर के जनपदों के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जुड़ने का मौका मिलेगा। यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि ब्रिटिश फूड कंपनी के नाम भूमि की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया चल रही है। शासन स्तर पर कंपनी के अधिकारियों की वार्ता हो चुकी है। पीलीभीत जिलाधिकारी द्वारा उस क्षेत्र के जो सर्किल रेट तय किए गए हैं, उसी अनुसार भूमि खरीदने की बात कही जा रही है। इसमें स्टांप शुल्क में करोड़ों रुपए की सब्सिडी भी देने की चर्चा है।
यूपीसीडा के अधिकारी इसे बरेली मंडल में सबसे बड़ा निवेश के तौर पर देख रहे हैं। बताते हैं कि यूपी में अभी हरदोई, बुलंदशहर, नोएडा लखनऊ और सहारनपुर जनपदों में खमीर के प्लांट संचालित हैं। खमीर का उपयोग बेकरी, बीयर समेत अन्य उत्पादों को बनाने के लिए ज्यादातर प्रयोग में लाया जाता है। यूपी में इसकी मांग ज्यादा रहती है। इसलिए इसे महाराष्ट्र, कनार्टक, केरल व आंधप्रदेश से मंगाया जाता है। पीलीभीत में प्लांट शुरू होने पर अन्य प्रदेशों से निर्भरता भी कम होगी।
बहेड़ी के मेगा फूड पार्क में विद्युत सब स्टेशन बनने पर शुरू होगा भूखंडों का आवंटन
उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि बहेड़ी में 250 एकड़ में फैले मेगा फूड पार्क में विद्युत सब स्टेशन बनाया जा रहा है।
औद्योगिक इकाइयां लगने के बाद उद्यमियों को विद्युत लो होने की दिक्कतें न हों, इसके लिए रिछा से अलग फीडर ही पार्क में बनवाया जा रहा है। जुलाई तक उसका कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद भूखंडों का आवंटन शुरू होगा। मंगलवार को भूखंडों का आवंटन शुरू कराने को लेकर मंडलायुक्त ने भी क्षेत्रीय प्रबंधक को समय सीमा तय करने के निर्देश दिए थे।
