बरेली: जंक्शन चौकी से चौपुला तक बनायी सड़क में भ्रष्टाचार की सामग्री उखड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी की सड़कों के निर्माण को लेकर एक के बाद एक घोटाले उजागर होने लगे हैं। जल निगम ने हाल में सीवर लाइन बिछाने के बाद जंक्शन चौकी से चौपुला तक हॉटमिक्स रोड का निर्माण कराया था। यह सड़क अभी से ही टूटने और उखड़ने लगी है। इसमें से भ्रष्टाचार की …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी की सड़कों के निर्माण को लेकर एक के बाद एक घोटाले उजागर होने लगे हैं। जल निगम ने हाल में सीवर लाइन बिछाने के बाद जंक्शन चौकी से चौपुला तक हॉटमिक्स रोड का निर्माण कराया था। यह सड़क अभी से ही टूटने और उखड़ने लगी है। इसमें से भ्रष्टाचार की सामग्री बाहर निकल रही है।

घाटिया सामग्री से बनायी गयी सड़क का मामला शासन तक पहुंच गया है। बरेली से लखनऊ तक हल्ला मचने के बाद इसकी जांच शुरू हो गई है। शासन ने जल निगम के प्रबंध निदेशक और नगर आयुक्त से सड़क निर्माण को लेकर जांच रिपोर्ट तलब की है।

स्टेशन रोड पर सीवर लाइन की खुदाई के बाद जर्जर सड़क ।

जल निगम ने शहर में कई जगहों पर ट्रंक सीवर लाइन बिछाने के बाद वहां सड़कों का निर्माण किया है। कुछ जगह ऐसी हैं, जहां नई सड़कें टूटने के साथ कई जगहों पर धंसना शुरू हो गई हैं। ये सड़कें पहली बरसात के मौसम की शुरूआती बारिश को भी नहीं झेल पा रही हैं। इससे उनके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ऐसी ही एक सड़क का मामला शासन तक पहुंच गया है। जल निगम ने हाल में स्टेशन चौकी से चौपुला तक सीवर लाइन बिछाने का काम कराने के बाद वहां हॉटमिक्स रोड का निर्माण भी कराया लेकिन यह सड़क अभी से ही टूटने और उधड़ने लगी है। कई जगहों पर डामर उखड़ जाने से वहां गड्ढे होने शुरू हो गए हैं।

सीवर लाइन के मेन होल के ढक्कन भी टूट रहे हैं। सड़क निर्माण में हुए घपले की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर विकास अनुभाग-दो की उपसचिव कल्याण बनर्जी ने जल निगम के प्रबंधक निदेशक और नगरायुक्त से जांच रिपोर्ट मांगी है। इसी मामले में शासन स्तर से पहले भी छह अप्रैल को रिपोर्ट मांगी गई थी, जो शासन को भेजी नहीं गई।

इसके बाद 18 जून को फिर से अनुस्मारक पत्र भेज दिया गया है। शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों विभाग के अधिकारियों से तत्काल जांच रिपोर्ट मांगी है।

स्टेशन रोड पर सीवर लाइन की खुदाई के दौरान दूसरी साइट की सड़क को धंसे करीब एक महीना होने जा रहा है लेकिन अभी तक किसी अधिकारी का इधर ध्यान नही गया है।

शहर की दूसरी सड़कों में भी हुए घोटाले
नगर निगम ने वर्ष 2020-21 में कई करोड़ रुपये से सड़कों के निर्माण कराए थे लेकिन इनकी हालत कुछ ही महीनों में खस्ताहाल हो गई है। मेयर उमेश गौतम ने इन मामलों को लेकर नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इनकी जांच करके रिपोर्ट देने और गड़बड़ी करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए थे लेकिन इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि मेयर की ओर से इस पूरे प्रकरण को मुख्यमंत्री तक भेजने की चेतावनी दी जा चुकी है।

ट्रंक सीवर लाइन के मेनहोल से भी जान को खतरा
जल निगम ने चौकी चौराहा, चौपुला, कालीबाड़ी, श्यामगंज, खुर्रम गौंटिया सहित कई जगहों पर करीब 13 किलोमीटर लंबी ट्रंक सीवर लाइन बिछाने का काम अमृत योजना के तहत पूरा कराना है। काफी हद तक इस कार्य को पूरा किया जा चुका है लेकिन सीवर लाइन के मेनहोल सही से न बने होने से वहां हादसे का खतरा बना हुआ है।

मांगी गई जांच रिपोर्ट
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि इस सड़क को लेकर शासन से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। इसे लिए मुख्य अभियंता व अधिशासी अभियंता निर्माण से जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

संबंधित समाचार