बरेली: 15 महीने में पूरा करें राज्य बीमा निगम का अस्पताल
बरेली, अमृत विचार। मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने सीबीगंज में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के प्रस्तावित अस्पताल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो भी बाकी औपचारिकताएं हैं उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने शुक्रवार को बैठक में अधिकारियों को 15 माह में अस्पताल का निर्माण पूरा करने के …
बरेली, अमृत विचार। मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने सीबीगंज में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के प्रस्तावित अस्पताल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो भी बाकी औपचारिकताएं हैं उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने शुक्रवार को बैठक में अधिकारियों को 15 माह में अस्पताल का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त सभागार में हुई बैठक में मंडलायुक्त ने पूछा कि जब भूमि का हस्तांतरण हो चुका है और धनराशि भी आवंटित हो चुकी है तो फिर कार्य क्यों नहीं हो रहा है। उन्हें अवगत कराया गया कि टेंडर आदि का प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जल्द ही परिसर के अंदर का निर्माण कार्य शुरु कर दिया जाएगा। फिलहाल चारदिवारी का निर्माण शुरु किया जा चुका है, जिसे निर्धारित समय पर पूर्ण कर लिया जाएगा।
अस्पताल के निर्माण से जुड़े सभी पक्ष इस बात को अच्छी तरह से समझ लें कि किसी भी कार्य के लिए जो निर्धारित समय सीमा है, उसके अनुसार ही कार्य करना होगा। उन्हें निर्माणदायी संस्था की ओर से आश्वस्त कराया गया कि निर्माण पूर्ण करने के लिए 15 महीने का जो समय निर्धारित किया गया है, उसी समय में कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
बैठक में डीएम नितीश कुमार ने कहा कि सीबीगंज के जिस परिसर में अस्पताल बन रहा है, वहां पर जिन पुराने वृक्षों को काटने का प्रस्ताव है, उनमें संरक्षित किया जाए। जिन पेड़ों को भी बचाया जा सकता है, उन्हें बचाया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था से कहा कि अस्पताल का निर्माण कार्य समय पर सम्पन्न कराया जाए। बैठक में आईटीआर कंपनी के प्रतिनिधि, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, श्रम एवं रोज़गार एवं वना विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।
