बरेली: आईटी पार्क की अंतिम बाधा दूर, जून में ही होगी रजिस्ट्री
बरेली, अमृत विचार। आईटी पार्क के लिए चयनित भूमि विक्रय करने के लिए सरकार की अनुमति के बाद आईटीआर कंपनी के प्रबंधन बोर्ड ने भी शुक्रवार को मंजूरी दे दी। इससे अंतिम बाधा भी दूर हो गयी। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने बताया कि भूमि विक्रय करने के लिए अनुमति दे दी है। इसी सप्ताह …
बरेली, अमृत विचार। आईटी पार्क के लिए चयनित भूमि विक्रय करने के लिए सरकार की अनुमति के बाद आईटीआर कंपनी के प्रबंधन बोर्ड ने भी शुक्रवार को मंजूरी दे दी। इससे अंतिम बाधा भी दूर हो गयी। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने बताया कि भूमि विक्रय करने के लिए अनुमति दे दी है। इसी सप्ताह रजिस्ट्री कराने के लिए कहा गया है। जून में रजिस्ट्री के बाद जुलाई में आईटी पार्क की नींव रखी जा सकती है। आईटीआर कंपनी के गाटा संख्या 277 में करीब आठ हजार वर्गमीटर भूमि पर आईटी पार्क बनाया जाएगा।
सीबीगंज में सालों से बंद आईटीआर फैक्ट्री की जमीन पर आईटी पार्क का निर्माण शुरू हो गया होता लेकिन कोरोना की दूसरी लहर ने प्रोजेक्ट को प्रभावित कर दिया। अब आईटी पार्क के नाम आठ हजार वर्ग मीटर भूमि का बैनामा कराने की तैयारी शुरू हो गई है। बता दें कि आईटीआर फैक्ट्री की एक हेक्टेयर जमीन पर आईटी पार्क विकसित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी थी।
इसके बाद शासन ने 31 मार्च को 10 करोड़ का बजट भी जारी कर दिया था। शासन ने उद्योग निदेशक को बजट भेजा था। 12500 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से आईटी पार्क के लिए जमीन बेचने की चर्चा है। आईटी पार्क के लिए जमीन बेचने के बदले मिलने वाली रकम से देनदारियों का भुगतान किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक जमीन के बैनामे के साथ यूपी इलेक्ट्रोनिक्स आईटी पार्क की नींव रख देगा।
