लखीमपुर खीरी: घर में घुसकर तेंदुए ने पिता-पुत्र को किया घायल
अमृत विचार, बांकेगंज(लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन मैलानी की महुरेना वनरेंज के गंगापुर गांव में देर रात घुसे तेंदुए ने पिता-पुत्र को घायल कर दिया। वनाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों से जानकारी ली। गंगापुर निवासी राधेश्याम चौहान का पूरा परिवार छप्पर के नीचे सो रहा था। रात करीब ढाई बजे एक तेंदुआ …
अमृत विचार, बांकेगंज(लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन मैलानी की महुरेना वनरेंज के गंगापुर गांव में देर रात घुसे तेंदुए ने पिता-पुत्र को घायल कर दिया। वनाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों से जानकारी ली। गंगापुर निवासी राधेश्याम चौहान का पूरा परिवार छप्पर के नीचे सो रहा था। रात करीब ढाई बजे एक तेंदुआ टटिया से बने अहाते में घुसा और चारपाई डालकर सो रहे राधेश्याम के 20 वर्षीय पुत्र आकाश चौहान पर हमला कर दिया।
उसके चिल्लाने पर दीवार के दूसरी तरफ सो रहे उसके पिता राधेश्याम तेजी से आये तो तेंदुए ने पुत्र को छोड़कर पिता पर हमला कर दिया। वह जमीन पर गिर गए। तब तक परिवार के अन्य सदस्य भी आ गये। तेंदुआ को देखकर लाठी-डंडा चलाने लगे। कुंडे और डंडों से डरकर तेंदुआ भाग गया। एंबुलेंस से घायलों को बांकेगंज सीएचसी लाया लाया गया। मरहम पट्टी करने और इंजेक्शन लगाने के बाद उन्हें घर भेज दिया।
सुबह 7 बजे घटना की जानकारी सेक्शन प्रभारी राजेंद्र प्रसाद वर्मा को मिली तो उन्होंने वनरक्षक सागर कुशवाहा को भेजा। उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए ने कई दिन से आसपास के गन्ने के खेतों में डेरा जमा रखा है। गांव की महिलाओं ने भी उसे देखा हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पांच दिन से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव में रात में अंधेरा हो जाता है। अंधेरे में वन्यजीवों का खतरा बढ़ गया है। जेई ने बताया की ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।
वन्य जीव के हमले से घायल होने की एक अन्य घटना सुबह 10 बजे बेलहिया भट्ठे के पास हुई। संसारपुर के गुल मोहम्मद अपने पिता फकीर मोहम्मद के साथ खेत में खाद डाल रहे थे। अचानक एक वन्यपशु ने उन पर हमला कर दिया। दूसरे खेतों में काम कर लोग दौड़कर आए तो वन्य पशु भाग गया। इन लोगों ने भी बांकेगंज सीएचसी पहुंचकर मरहम पट्टी करवाई।
