बरेली: मुश्ताक की हत्या कर हत्यारोपियों ने घर में डाली थी डकैती
बरेली, अमृत विचार। बड़ा बाईपास पर मुश्ताक की हत्या करने वालों ने उसके घर में जाकर भी दहशत फैलायी थी। हत्यारोपियों ने फायरिंग के बाद लूटपाट की थी। मुश्ताक के भाई शकील की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने डकैती की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शुक्रवार की देर रात पुलिस ने चार हत्यारोपियों …
बरेली, अमृत विचार। बड़ा बाईपास पर मुश्ताक की हत्या करने वालों ने उसके घर में जाकर भी दहशत फैलायी थी। हत्यारोपियों ने फायरिंग के बाद लूटपाट की थी। मुश्ताक के भाई शकील की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने डकैती की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शुक्रवार की देर रात पुलिस ने चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
शुक्रवार की रात फरीदपुर हाइवे पर छह आरोपियों ने दहेज के विवाद के चलते जोगीनवादा निवासी मुश्ताक पुत्र मुख्त्यार की रास्ते में घेरकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने मुश्ताक के घर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए घर में घुस गए और परिजनों के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट की। परिजनों ने बताया कि हत्या करने के करीब आधा घंटे के बाद गुड्डू, अकरम, गटे, नाजिम, अफसर हाजी, अफजील और वकील मुश्ताक के घर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी।
शकील ने पुलिस को बताया कि आरोपी वकीलउद्दीन के कहने पर सभी आरोपी अलमारी में रखी सोने की झुमकी, एक जोड़ी व एक सोने की चेन, दो तोला चांदी की पायल और 70 हजार नगदी लूटकर ले गए। पुलिस ने आईपीसी की धारा 395, 397, 336 व 504 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
कुछ दिनों पहले भी दोनों पक्षों में हुआ था विवाद
हत्या व लूट में शामिल कुछ आरोपियों पर कुछ दिन पहले भी मुश्ताक की भतीजी के साथ मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मुश्ताक की भतीजी गुलअफशा ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया था कि उसका पति बिलाल दो माह के बच्चे का इलाज नहीं करवा रहा था। इसकी शिकायत उसने अपने ससुर व जेठ से की थी।
इसके बाद पति, जेठ व ससुर ने उसकी लाठी-डंडों पिटाई की थी। उसके कान में अंदरूनी व बाहरी चोटें आईं थीं। सिर व माथे में भी चोट आई थी। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी तभी से आरोपी मुश्ताक से रंजिश मानने लगे थे।
