बरेली: अक्षर विहार पार्क क्षेत्र किस थाने में, कैंट और कोतवाली को नहीं मालूम
बरेली, अमृत विचार। अक्षर विहार पार्क में सौंदर्यीकरण होने के बाद लोगों ने यहां फिर से घूमने आना शुरू कर दिया है लेकिन पार्क की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शनिवार को पार्क के बाहर सड़क पर कुछ लड़कों ने हुक्का पार्टी करने के साथ तेज आवाज में साउंड बजाकर अराजकता फैलाई …
बरेली, अमृत विचार। अक्षर विहार पार्क में सौंदर्यीकरण होने के बाद लोगों ने यहां फिर से घूमने आना शुरू कर दिया है लेकिन पार्क की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शनिवार को पार्क के बाहर सड़क पर कुछ लड़कों ने हुक्का पार्टी करने के साथ तेज आवाज में साउंड बजाकर अराजकता फैलाई थी।
इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने पार्क की सुरक्षा को लेकर कोई रणनीति नहीं बनायी। पार्क और उसके आसपास का क्षेत्र कैंट या कोतवाली के क्षेत्र में आता है। इसको लेकर दोनों थानों की पुलिस एक-दूसरे के क्षेत्र में आने की बात कहते हुए टालमटोली कर रहे हैं। ऐसा पहले भी होता रहा है, जब पार्क के आसपास घटनाएं हुई हैं।
शनिवार शाम अक्षर विहार पार्क के बाहर एक कार में कुछ युवक गाड़ी में हुक्का पार्टी करते हुए गाने बजा रहे थे। देर शाम युवकों की गाड़ी पार्क में बनी बेकरी की पिछली दीवार से टकरा गई थी। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार टूट गई थी। हादसे की सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंची थी लेकिन किस थाने की इसका जबाव दोनों ही थाना पुलिस के पास नहीं है। कोई भी अपने थाना क्षेत्र की घटना होना स्वीकार नहीं कर रहा है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला कैंट थाने के अन्तर्गत आता है। वहीं कैंट पुलिस पार्क को कोतवाली सीमाक्षेत्र के अन्तर्गत बता रही है। कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज पंत का कहना है कि जब पुलिस पहुंची तब गाड़ी से हुक्का बरामद नहीं हुआ लेकिन कार से टक्कर मारने वाले युवकों के ऊपर क्या कार्रवाई की गई? और हादसे की वजह क्या रही? इसको लेकर कतराते रहे। कैंट थाना प्रभारी राजीव कुमार का कहना है कि पार्क उनके क्षेत्र में नहीं आता है।
