बरेली: आपदा में परिवार नियोजन को लेकर बढ़ी स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी
बरेली, अमृत विचार। आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी। इस बार 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस की यही थीम है। इस खास दिवस को मनाने के लिए शासन की तरफ से स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.एसके गर्ग ने बताया कि …
बरेली, अमृत विचार। आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी। इस बार 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस की यही थीम है। इस खास दिवस को मनाने के लिए शासन की तरफ से स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.एसके गर्ग ने बताया कि इस खास दिन के पहले दंपति संपर्क पखवाड़ा मनाया जाएगा, जो 30 जून से शुरू होकर 10 जुलाई तक चलेगा। वहीं 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस के साथ ही पूरे प्रदेश में विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवारा की शुरुआत की जाएगी, जो 31 जुलाई तक चलेगा।
इसके साथ ही मिशन निदेशक ने मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के अंतर्गत विकास अभियान संबंधी गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने के लिए भी निर्देशित किया है। पखवारे में अंतरा और आयूसीडी को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। हर इच्छुक लाभार्थी के लिए पुरुष या महिला नसबंदी की पूर्व पंजीकरण की भी सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि आशा अपने-अपने कार्य क्षेत्र की आबादी में योग्य दंपतिको चिह्नित करेंगी। योग्य दंपति यानि जिनको परिवार नियोजन के बारे में परामर्श की आवश्यकता है। लक्षित दंपति को परिवार नियोजन के लिए बास्केट आफ च्वायस के बारे में बताया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर टेली काउंसिलिग की भी मदद ली जाएगी।
पखवारे के दौरान हर जिले, ब्लाक और गांव में मोबाइल पब्लिसिटी वैन से परिवार नियोजन का संदेश प्रचारित और प्रसारित किया जाएगा। इस बार के कार्यक्रम में डिजिटल प्लेटफार्म जैसे व्हाट्सएप, एसएमएस आदि की पूरी मदद ली जाएगी। पात्र लाभार्थी को दो महीने के लिए गर्भनिरोधक गोली और कंडोम वितरित किया जाएगा। विश्व जनसंख्या दिवस पर हर जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के लिए 80 हजार और ब्लाक स्तर पर नौ हजार रुपए खर्च करने का प्रावधान है।
