मुरादाबाद: पटरी से उतरी बिजली व्यवस्था, लोगों का गर्मी से बुरा हाल
मुरादाबाद,अमृत विचार। भीषण गर्मी में होने वाली बिजली कटौती ने महानगरवासियों को बेहाल कर दिया है। तमाम दावों के बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। मांग के सापेक्ष आपूर्ति कम मिल रही है। उस पर बीच-बीच में होने वाले लोकल फॉल्ट्स व ट्रिपिंग ने लोगों को रात में जागने को मजबूर …
मुरादाबाद,अमृत विचार। भीषण गर्मी में होने वाली बिजली कटौती ने महानगरवासियों को बेहाल कर दिया है। तमाम दावों के बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। मांग के सापेक्ष आपूर्ति कम मिल रही है। उस पर बीच-बीच में होने वाले लोकल फॉल्ट्स व ट्रिपिंग ने लोगों को रात में जागने को मजबूर कर दिया है। शनिवार की रात भी हुई ट्रिपिंग ने लोगों को काफी परेशान किया। कई पॉश कालोनियों में रविवार की सुबह पानी का संकट खड़ा हो गया। इससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा।
शासन से 24 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश के बाद भी महानगर के हालात बद्तर हैं। गर्मियों में हर साल इस संकट से लोगों को दो-चार होना पड़ता है। इस बार मानसून के आने में हो रही देरी के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दिन निकलने के साथ ही तेज धूप के कारण पारा चढ़ जाता है।
रात को भी 30 से 35 डिग्री तक रहने वाले तापमान के कारण लोगों की नींद हराम हो रही है। उस पर रोज होने वाली ट्रिपिंग बड़ी समस्या बनी हुई है। वैसे भी महानगर को नियमित 80 किलोवाट से अधिक बिजली की आवश्यकता है। मांग के अनुसार मिलने वाली कम आपूर्ति के बाद लगातार होने वाले फॉल्ट लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं।
एक सप्ताह से आशियाना फेज वन व टू, रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर, हिमगिरि कॉलोनी, सिविल लाइंस, डिप्टीगंज, बुधबाजार और गुरहट्टी के अलावा तमाम मोहल्लों में ट्रिपिंग से सप्लाई बाधित हो रही है। शिकायत मिलने पर कर्मचारी सतर्क तो होते हैं। लेकिन, बार-बार बिजली गुल होने के कारण शेड्यूल धड़ाम हो चुका है।
कंजरी सराय के निवासी ने कपिल कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच होने वाली कटौती ने रात की नींद हराम कर दी है। हर एक घंटे में ट्रिपिंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बारिश होने के बाद ही गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद है।
बुधबाजार के रहने वाले उमेश कुमार का कहना था कि बिजली की कटौती बहुत बड़ी समस्या है। लोकल फॉल्ट व ट्रिपिंग के कारण शेड्यूल के अनुसार सप्लाई नहीं मिल पा रही है। एक सप्ताह से हो रही कटौती ने बेहाल कर दिया है।
निकट शहर कोतवाली के कृष्ण सिंह का कहना है कि हर साल गर्मियों में बिजली व्यवस्था पटरी से उतर जाती है। मौजूदा समय में तो ट्रिपिंग ने परेशान कर दिया है। सप्लाई न मिलने के कारण कई बार सुबह पानी तक को तरस जाते हैं।
गुरहट्टी के निवासी सूरज सागर ने कहा कि ट्रिपिंग व फॉल्ट के कारण कई-कई बार बिजली गुल हो जाती है। कई बार शिकायत करने पर मालूम होता है कि फॉल्ट तलाशा जा रहा है। ऐसी गर्मी में कटौती के कारण नींद न पूरी होने के कारण लोग बीमार हो रहे हैं।
