पीलीभीत: सपा प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद ने नाम वापस लिया, भाजपा में लौटे
पीलीभीत, अमृत विचार। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर अब भाजपा प्रत्याशी डॉ. दलजीत कौर का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद ने मंगलवार सुबह 11 बजे भाजपा नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट जाकर अपना नाम वापस ले लिया। इस तरह भारतीय जनता पार्टी ने 20 वर्ष बाद जिला पंचायत अध्यक्ष …
पीलीभीत, अमृत विचार। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर अब भाजपा प्रत्याशी डॉ. दलजीत कौर का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद ने मंगलवार सुबह 11 बजे भाजपा नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट जाकर अपना नाम वापस ले लिया। इस तरह भारतीय जनता पार्टी ने 20 वर्ष बाद जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा करने का सपना लगभग पूरा कर लिया।
सोमवार शाम तक समाजवादी पार्टी नेताओं के साथ भाजपा को कोसने वाले सपा प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद ने तीन दिन बाद फिर से पाला बदल लिया। मंगलवार सुबह 11 बजे भाजपा के जिला प्रभारी पूरनलाल लोधी, जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, विधायक संजय गंगवार, किशनलाल राजपूत, भाजपा के वरिष्ठ नेता, अधिवक्ता धीरेंद्र मिश्र व सरोज वाजपेयी के साथ सपा प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपनी नाम वापसी की घोषणा की। स्वामी प्रवक्तानंद की नाम वापसी के साथ ही भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी का ही एकमात्र नामांकन रह गया।
मंगलवार अपराह्न तीन बजे के बाद नाम वापसी की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भारतीय जनता पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ. दलजीत कौर का एकमात्र नामांकन पत्र बचा। इस स्थिति में अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन जुलाई को मतदान नहीं होगा। देर शाम अथवा बुधवार की सुबह भाजपा प्रत्याशी डॉ. दलजीत कौर के निर्विरोध निर्वाचित होने की निर्वाचन अधिकारी घोषणा करेंगे।
