बरेली: हाईवे को 45 मीटर चौड़ा करने के लिए 53 गांवों की खतौनियों की जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुड़िया अहमदनगर (बड़ा बाईपास) से लेकर अमरिया-सितारगंज सीमा तक बरेली-पीलीभीत-सितारगंज नेशनल हाईवे को 45 मीटर चौड़ा करने की तैयारी तेज हो गयी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बरेली-मुरादाबाद परियोजना निदेशक ने भूमि अधिग्रहण करने के लिए विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय को पत्र भेज दिया है। उसमें खतौनियों की जांच …

बरेली, अमृत विचार। मुड़िया अहमदनगर (बड़ा बाईपास) से लेकर अमरिया-सितारगंज सीमा तक बरेली-पीलीभीत-सितारगंज नेशनल हाईवे को 45 मीटर चौड़ा करने की तैयारी तेज हो गयी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बरेली-मुरादाबाद परियोजना निदेशक ने भूमि अधिग्रहण करने के लिए विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय को पत्र भेज दिया है। उसमें खतौनियों की जांच कर रिपोर्ट मांगी गयी है।

भूमि अधिग्रहण करने के प्रथम चरण की कार्रवाई शुरू करते हुए विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों ने खतौनियों की जांच शुरू कर दी है। दो दिन से कर्मचारी खतौनियां देख रहे हैं। बरेली और पीलीभीत जनपद के 53 गांवों के सैकड़ों किसानों की जमीनें अधिग्रहित की जाएगी। इसमें जनपद के नवाबगंज तहसील के 23 और सदर तहसील के छह गांव के अलावा पीलीभीत जनपद के 25 गांव शामिल हैं। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी मदन कुमार की देखरेख में खतौनियां जांची जा रही हैं।

खतौनियों में यह देखा जा रहा है कि हाईवे में किस किसान की कितनी जमीन आ रही है। मुड़िया अहमदनगर से अमरिया-सितारगंज सीमा तक करीब 70 किलोमीटर सड़क चौड़ी होनी है। चौड़ीकरण में बरेली जनपद की 115 और पीलीभीत जनपद की 145 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होने की बात सामने आयी है। बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया दो साल पहले शुरू हुई थी, लेकिन अमलीजामा इसे अब पहनाने की तैयारी चल रही है।

विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि खतौनियों की जांच के बाद रिपोर्ट मुरादाबाद भेजी जाएगी। वहां से भूमि को अधिग्रहण करने की अनुमति लेने के लिए फाइल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सड़क परिवहन और राजमार्ग कार्यालय भेजी जाएगी। संभवत: एक माह में फाइल पास होकर आ जाएगी। इसके बाद जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई होगी। इसी साल दिसंबर तक फोरलेन बनाने की योजना है।

संबंधित समाचार