भाजपा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवरिया। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर नगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद रहे तथा देवरिया के सांसद रमापतिराम त्रिपाठी के बेटे शरद त्रिपाठी (50) का गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में बुधवार देर रात निधन हो गया। शरद त्रिपाठी लीवर की समस्या से लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , …

देवरिया। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर नगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद रहे तथा देवरिया के सांसद रमापतिराम त्रिपाठी के बेटे शरद त्रिपाठी (50) का गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में बुधवार देर रात निधन हो गया। शरद त्रिपाठी लीवर की समस्या से लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के नेता शरद त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

वह गोरखपुर में धर्मशाला इलाके में परिवार के साथ रहते थे। तबीयत खराब होने के बाद पूर्व सांसद को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव वह संतकबीरनगर संसदीय क्षेत्र से जीते थे जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले ही उनका संतकबीरनगर के मेंहदावल सीट से भाजपा विधायक राकेश सिंह बघेल से विवाद हो गया था।

इस घटना के बाद ही उनको संतकबीरनगर से टिकट नहीं मिला, लेकिन पार्टी ने उनके पिता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी को देवरिया से चुनाव मैदान में उतारा और वे देवरिया से सांसद हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही देवरिया में शोक की लहर व्याप्त है।

प्रधानमंत्री ने गुरूवार को एक ट्वीट संदेश में कहा , “ शरद त्रिपाठी के असमय निधन से मैं और कई अन्य लोग निराश हैं। उन्हें समाज सेवा करने तथा पिछडे लोगों के लिए काम करने में आनंद आता था। उन्होंने संत कबीरदास जी के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अनेक अनूठे प्रयास किये थे। परिजनों तथा समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।

” राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कहा , “ पूर्व सांसद और भाजपा नेता,  शरद त्रिपाठी के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। एक जन प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने हमेशा बड़े प्रभावी तरीक़े से जनता की बात को उठाया। वे सीधे ज़मीन से जुड़ कर काम करते थे। उनके निधन से पार्टी ने एक कर्मठ, जुझारू और युवा कार्यकर्ता खो दिया है।”

अमित शाह ने कहा , “ भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ नेता व संतकबीरनगर के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी जी ने हमेशा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने का काम किया। उनका असामयिक निधन भाजपा परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं डाॅ. रामपति जी , सभी परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ॐ शांति। ”

संबंधित समाचार