बरेली: किस्त नहीं चुका पाया तो असली पार्ट्स निकाल फाइनेंस कंपनी को सौंपा ट्रक
बरेली, अमृत विचार। ट्रक खरीदने के लिए लोन लेने के बाद किस्त नहीं चुका पाया तो ट्रक मालिक ने ट्रक के सभी असली पार्ट्स निकालकर लोकल पार्ट्स लगवा दिए। इसके बाद ट्रक फाइनेंस कंपनी को सौंप दिया। कंपनी में ट्रक की जांच हुई तो ट्रक की बॉडी को छोड़कर सभी पार्ट्स लोकल मिले। कंपनी के …
बरेली, अमृत विचार। ट्रक खरीदने के लिए लोन लेने के बाद किस्त नहीं चुका पाया तो ट्रक मालिक ने ट्रक के सभी असली पार्ट्स निकालकर लोकल पार्ट्स लगवा दिए। इसके बाद ट्रक फाइनेंस कंपनी को सौंप दिया। कंपनी में ट्रक की जांच हुई तो ट्रक की बॉडी को छोड़कर सभी पार्ट्स लोकल मिले। कंपनी के अधिकारियों की ओर से धोखाधड़ी की तहरीर पुलिस को सौंपी गई। जिसके बाद इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस के शील किशन टावर स्थित एचडीवी फाइनेशियल सर्विसेज लिमिटेड के विधि अधिकारी मो. खालिद नूर ने दो लोगों पर कंपनी का पैसा हड़पने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई 2019 को आरोपी अब्दुल नईम और इम्तियाज अली ने ट्रक खरीदने के लिए कंपनी से 12 लाख 40 हजार रुपये का ऋ ण लिया था। इसका भुगतान 38,745 रुपये प्रतिमाह की 50 किस्तों में किया जाना था। शुरुआती किस्त न देने पर कंपनी के विधि अधिकारी ने तकादा किया लेकिन आरोपी टालमटोल करते रहे।
1 जनवरी 2020 की शाम करीब 5 बजे आरोपी इम्तियाज अली पीलीभीत रोड स्थित कंपनी के यार्ड पर आया और ट्रक को बतौर टूट-फूटी बॉडी जब्त करा दिया। संबंधित कागजों पर आरोपी अब्दुल नईम के नाम से दस्तखत कर दिए। कंपनी को जब जब्ती का पता चला तो कंपनी के कर्मचारियों ने ट्रक की जांच की।
जांच में ट्रक के असली पार्ट्स निकाल लेने की बात सामने आई। विधि अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद ट्रक की कीमत छह लाख सात हजार रुपये रह गई है जोकि पहले 16 लाख थी। इसके बाद कंपनी के विधि अधिकारी ने आरोपियों पर कंपनी का पैसा हड़पने और कंपनी के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की जिस पर इज्जतनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 419 व 406 में रिपोर्ट दर्ज की है।
