बरेली: शहर बिजली को तरस रहा, ऊर्जा मंत्री पूर्व सरकार को कोसते रहे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा शहर में थे। लोगों ने समझा कि आज बिजली कटौती से राहत मिलेगी लेकिन दिनभर की तस्वीर इसके उलट रही। शहर वाले बिजली के लिए तरसते रहे। सर्किट हाउस में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मीडिया ने महानगर को 24 घंटे बिजली न मिलने को लेकर सवाल पूछा …

बरेली, अमृत विचार। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा शहर में थे। लोगों ने समझा कि आज बिजली कटौती से राहत मिलेगी लेकिन दिनभर की तस्वीर इसके उलट रही। शहर वाले बिजली के लिए तरसते रहे। सर्किट हाउस में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मीडिया ने महानगर को 24 घंटे बिजली न मिलने को लेकर सवाल पूछा तो श्रीकांत शर्मा पहले तो अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते रहे।

बोले-पूर्व सरकार में चार जिले वीआईपी होते थे। अब सभी जिले हैं। महानगरों को 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है। वितरण में दिक्कतें हैं। ट्रिपिंग, ओवरलोड और गर्मी में मांग बढ़ने पर फाल्ट होने की दिक्कतों से कुछ घंटे के लिए बिजली काटी जाती है लेकिन दिक्कत को भी दूर करने के लिए इंजीनियरों की टीम लगी है। भाजपा सरकार में बिजली निर्बाध मिल रही है। शहर में बिजली कटौती का मुद्दा उठाने पर श्रीकांत शर्मा अधिकारियों को साफ तौर पर बचाते हुए दिक्कत जल्द दुरुस्त करने की बात कही। यह भी कहा कि 2032 तक बिजली कम नहीं पड़ेगी। यूपी में बिजली भरपूर है।

दिनभर बिजली कटौती, उपभोक्ता बेहाल दिखे
बिजली कटौती और फाल्ट से परेशान शहर के लोगों के बीच ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के आने से उम्मीद थी कि रविवार को बिजली आपूर्ति ठीक हो सकेगी। दरअसल, गर्मी के बाद हुई बारिश से बिजली महकमे के कई उपकरणों में फाल्ट और बढ़ गए। रविवार को किला उपकेन्द्र से जुड़े बाकरगंज में ट्रांसफार्मर फूंकने की वजह से बिजली गुल हो गई। उसके बाद लोगों की शिकायत पर दूसरा ट्रांसफार्मर रखवाया गया। इसी तरह क्षेत्र में कटघर, लीचीबाग, कुवंरपुर, जसोली, बड़ा बाजार और कुतुबखाना उपकेन्द्र से जुड़ा चौपुला, किशोर बाजार, गिहार बस्ती, बिहारीपुर, सिविल लाइंस और सुभाषनगर के करगैना, करेली, मढीनाथ, नेकपुर, गणेशनगर में बिजली की कटौती का खेल जारी रहा। पीलीभीत बाइपास रोड, बदायूं रोड, और हरुनगला समेत कई इलाकों में घंटों बत्ती गुल रही। शहर के सुभाषनगर, किला और कुतुबखाना क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या से भी शहरवासी परेशान रहे। शहर विधायक डाक्टर अरुण कुमार ने मुख्य अभियंता तारिक मतीन को पत्र लिखकर अपने क्षेत्र में बिजली की कटौती समस्या को दूर करने को कहा है।

फरवरी में हुआ था कमियां दूर करने का काम
एक ओर से विभाग गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना न करने पड़े इसके लिए फरवरी में ही कमियों को दुरुस्त करने का दावा कर रहा था लेकिन पिछले एक सप्ताह में जब भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ा तो एक के बाद एक कई सब स्टेशनों में फाल्ट हुए। इससे लगभग पूरे शहर में बिजली सप्लाई बाधित हुई। हल्की सी बारिश और हवा में पूरे शहर की बिजली गुल हो जाती है।

लीचीबाग में शरारती तत्वों ने तारों में लगाई आग
किला उपकेन्द्र से जुड़े लीची बाग में बिजली का पोल टूटने से क्षेत्र में अंधेरा छा गया था। उसके बाद शनिवार को क्षेत्र के लोगों ने किला उपकेन्द्र का घेराव कर पथराव करने के बाद आग लगाने का प्रयास किया था। उसके बाद पुलिस के पहुंचने पर लोग मौके से फरार हो गए थे। किला उपकेन्द्र के लाइनमैन सय्यद असलम मियां ने बताया कि उपकेन्द्र पर हंगामा करने के बाद भीड़ ने जिस क्षेत्र में बिजली आ रही थी उस जगह पर तारों में आग लगा दी थी। जिसके बाद अन्य इलाके में बिजली गुल हो गई थी।

संबंधित समाचार