नैनीताल: महिला न्यायिक अधिकारी को परेशान करने पर हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान
नैनीताल, अमृत विचार। हाईकोर्ट ने लक्सर बार एसोसिएशन के सचिव नवनीत तोमर द्वारा महिला न्यायिक अधिकारी को बार-बार कॉल करने और मैसेज भेजने के मामले को गंभीरता से लिया है। हाईकोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए अपराधिक अवमानना की याचिका दायर की है। दरअसल फैमिली जज लक्सर ने 10 जून को थाने …
नैनीताल, अमृत विचार। हाईकोर्ट ने लक्सर बार एसोसिएशन के सचिव नवनीत तोमर द्वारा महिला न्यायिक अधिकारी को बार-बार कॉल करने और मैसेज भेजने के मामले को गंभीरता से लिया है। हाईकोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए अपराधिक अवमानना की याचिका दायर की है।
दरअसल फैमिली जज लक्सर ने 10 जून को थाने में बार एसोसिएशन लक्सर के सचिव नवनीत तोमर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि अधिवक्ता उन्हें बार-बार मोबाइल कॉल और मैसेज कर रहे हैं। उनके नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद वह दूसरे नंबरों से फोन कर रहे हैं। तोमर ने उनके साथ एक समारोह में फोटो खींची और प्रिंट करा बुके व गिफ्ट के साथ उनके घर भेजने की कोशिश की। इतना ही नहीं अधिवक्ता एक दिन घर भी आ गए जहां उनके पति ने रोका। आरोप है कि स्टाफ द्वारा रोके जाने के बावजूद अधिवक्ता कोर्ट परिसर स्थित चेंबर में आ रहे हैं। इधर आरोपी अधिवक्ता रिपोर्ट दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए हाईकोर्ट भी पहुंचे थे। लेकिन उनकी याचिका को खारिज कर दिया गया।
अगली सुनवाई के लिए 28 जुलाई की तिथि नियत की है। आरोपी अधिवक्ता से अपना पक्ष रखने को कहा गया है। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आरएस चौहान व न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा की खंडपीठ में हुई। बता दें कि पिछले सप्ताह उत्तराखंड बार काउंसिल आरोपी अधिवक्ता को वकालत के पेशे से निलंबित भी कर चुका है।
