रामनगर: सरकार से नाराज ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय में जड़ा ताला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। 12 सूत्रीय मांगों को पूरा किए जाने की मांग को लेकर ग्राम प्रधान संगठन ने अब आरपार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। सोमवार को ग्राम प्रधान संगठन की अध्यक्ष मिथिलेश डंगवाल के नेतृत्व में प्रधानों ने न केवल ब्लॉक कार्यालय पर धरना दिया बल्कि कार्यालय के गेट पर तालाबंदी …

रामनगर, अमृत विचार। 12 सूत्रीय मांगों को पूरा किए जाने की मांग को लेकर ग्राम प्रधान संगठन ने अब आरपार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। सोमवार को ग्राम प्रधान संगठन की अध्यक्ष मिथिलेश डंगवाल के नेतृत्व में प्रधानों ने न केवल ब्लॉक कार्यालय पर धरना दिया बल्कि कार्यालय के गेट पर तालाबंदी करते हुए अपनी नाराजगी भी जाहिर की है।

सोमवार को गुस्साए प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय पर तालाबंदी तो की ही साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान धरने में आयोजित सभा में संगठन की अध्यक्ष मिथिलेश डंगवाल ने कहा कि सांसद और विधायकों का समय-समय पर सरकार मानदेय बढ़ा रही है, लेकिन प्रधानों का मानदेय केवल 1500 रुपए ही है, जिसे बढ़ा कर कम से कम दस हजार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को प्रधान लंबे समय से उठा रहे हैं, मगर सरकार इसकी सुध नहीं ले रही है। सभा के दौरान वक्ताओं ने मनरेगा के कार्य दिवस को 100 दिन से बढ़ाकर 200 दिन प्रतिवर्ष किए जाने की भी मांग की, जिससे कोविड महामारी से पंचायतों में हुई बेरोजगारी को दूर किया जा सके।

वक्ताओं ने ग्राम पंचायतों में जेई, कम्प्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति शीघ्र करने, सीएससी को 2500 रुपए प्रतिमाह दिए जाने के आदेश को वापस लेने, विधायक निधि व सांसद निधि की तरह ग्राम पंचायतों को भी पांच लाख रुपए प्रतिवर्ष ग्राम पंचायत निधि में दिए जाने की मांग की। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित ग्राम पंचायतों के लाभार्थियों को अतिशीघ्र धनराशि दिए जाने की मांग भी प्रधानों ने उठाई। इस दौरान बब्बू चौधरी, हेमा बिष्ट ,नवीन सती, विनोद नारायण, अनिल कुमार, पुरुषोत्तम, मदन राम ,इमरान खान ,फातिमा बेगम, संजय कुमार ,रेखा देवी ,नरगिस खातून, कमलेश मनप्रीत कौर देवेंद्र सिंह सुनीता देवी सहित दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

संबंधित समाचार