यूपी: कोविड से मृतक कार्मिकों के आश्रितों को डिप्टी सीएम ने वितरित किये नियुक्ति पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम व निर्माण निगम के कोविड व अन्य कारणों से मृतक कार्मिकों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मृतकों के आश्रितों को नौकरी व अन्य देयों आदि के भुगतान के लिये लोक …

लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम व निर्माण निगम के कोविड व अन्य कारणों से मृतक कार्मिकों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मृतकों के आश्रितों को नौकरी व अन्य देयों आदि के भुगतान के लिये लोक निर्माण मुख्यालय पर सिंगल विन्डो सिस्टम स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियन्ता (मुख्यालय-2) इसके नोडल अधिकारी होंगे। इसी तरह सेतु निगम व निर्माण निगम में भी सिंगल विन्डो सिस्टम डेवलप होगा। शैक्षिक योग्यता के आधार पर मृतक आश्रितों को नौकरी दिये जाने का प्राविधान किया जायेगा और मृतक आश्रितों के देयों का भुगतान 15 दिन में किये जाने के निर्देश डिप्टी सीएम ने विभागीय अधिकारियों को दिये।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग केवल सड़कें, पुल ही नहीं बना रहा है बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा है। पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन के लिये भी लोक निर्माण विभाग अहम भूमिका निभा रहा है। विभाग ने हर्बल मार्गों के साथ प्लास्टिक मार्गों का भी निर्माण किया जा रहा है। डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम पथों की पूरे देश में तारीफ हो रही है। प्रदेश सरकार ने शहीदों और पदक विजेता खिलाड़ियों के नाम पर भी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। वृक्षारोपण अभियान में भी लोक निर्माण विभाग काफी आगे है। पुलवामा आतंकी हमले के शहीदों के आश्रितों को विभाग द्वारा रू 22-22 लाख की धनराशि सहयोग के रूप में दी गयी है। कोरोना की पहली लहर में श्रमिकों व गरीबों को लाखों की तादाद में विभाग द्वारा लन्च पैकेट व राशन के पैकेट वितरित किये गये, साथ ही कम्यूनिटी किचन सेन्टरों का संचालन विभाग द्वारा किया गया और लाखों लोगों को रोजगार भी दिया गया।

उन्होने कहा कि लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम व राजकीय निर्माण निगम के कोविड व नान-कोविड अन्य कारणों से मृतक 711 अधिकारियों, कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये उनके परिवारीजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और विश्वेश्वरैया सभागार में 25 आश्रितों को प्रत्यक्ष रूप से बुलाकर सांकेतिक रूप में नियुक्ति पत्र वितरीत किये। उन्होने सभी आश्रितों को विश्वास दिलाया कि लोक निर्माण विभाग उनके साथ खड़ा है और हमेशा उनके दुःख सुख में साथ रहेगा तथा स्थापित किये जा रहे सिंगल विण्डो सिस्टम के माध्यम से सभी औपचारिकताएं जल्दी से जल्दी पूरी कराते हुये सभी मृतक आश्रितों को नौकरी व देयों का भुगतान कराया जायेगा।

कार्यक्रम को राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण, विभागाध्यक्ष पी के सक्सेना ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य अभियन्ता जे के0 बांगा ने किया । प्रमुख अभियन्ता(ग्रामीण सड़क) मनोज गुप्ता ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर सचिव लोक निर्माण विभाग समीर वर्मा, सेतु निगम के एमडी अरविन्द श्रीवास्तव, निर्माण निगम के एमडी एसपी सिंघल, प्रमुख अभियन्ता राकेश सक्सेना व अन्य मुख्य अभियन्तागण, अधिशासी अभियन्ता राजीव राय, विशेष कार्याधिकारी प्रदीप कुमार, सहायक अभियन्ता कामिनी कौशल आदि प्रमुख रुप से माजूद रहे।

संबंधित समाचार