बरेली: टूटी नाले की दीवार, बाल-बाल बचे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बीसलपुर रोड स्थित हरूनगला इलाके में एक बड़े नाले की दीवार ढहने से उसके पास रह रहे लोग और दुकानदार घबरा गए और डर से बाहर निकल आए। लोगों का कहना है कि नाले की दीवार गिरने से वे बड़े हादसे का शिकार होते बच गए। इससे पहले नाले की दूसरी तरफ …

बरेली, अमृत विचार। बीसलपुर रोड स्थित हरूनगला इलाके में एक बड़े नाले की दीवार ढहने से उसके पास रह रहे लोग और दुकानदार घबरा गए और डर से बाहर निकल आए। लोगों का कहना है कि नाले की दीवार गिरने से वे बड़े हादसे का शिकार होते बच गए। इससे पहले नाले की दूसरी तरफ का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है।

इसकी सूचना नगर निगम को दी गई थी लेकिन मामला नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के बीच फंसने से नाले की मरम्मत नहीं कराई गई है। इस वजह से इस नाले की दूसरी दीवार का कई मीटर हिस्सा भी ध्वस्त हो गया। दीवार गिरने से बड़ी दुर्घटना की आशंका के चलते लोगों ने इसकी सूचना नगर निगम के अधिकारियों को दे दी है।

हरूनगला में सड़क धंसने से नाले की दीवार कुछ दिनों पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से ही हादसे की आशंका को देखते हुए नाले के आसपास रहने वाले लोगों ने सूचना देकर नगर निगम के अधिकारियों से इसकी तत्काल मरम्मत कराने का आग्रह किया था।

लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। इस बीच सोमवार की सुबह करीब 10 बजे नाले की दूसरी तरफ की दीवार अचानक गिर गई। दीवार गिरते ही मकान व पास स्थित दुकानों से लोग बाहर निकल आए। गनीमत यह है कि कोई इस हादसे का शिकार नहीं हुआ। वहीं दीवार ढहने से उससे लगकर बने आवास व दुकानों की नींव लगातार कमजोर हो रही हैं।

दीवार गिरने से आसपास घरों की नींव हुई कमजोर
स्थानीय निवासी सतेंद्र कुमार, रमेश चंद्र, डा. विभोर शास्त्री और सुदेश चौहान ने बताया कि नाले की दीवार अचानक गिर गई। सुबह का समय था। दीवार गिरने की जोर से आवाज आई थी। तभी हमने इस बात को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को सूचना दी। नाला की दीवार गिरने से उनके भवनों की नींव कमजोर हो गई हैं। इस संबंध में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि दीवार गिरने की सूचना मिलने के बाद निर्माण विभाग के इंजीनियरों को नाले की मरम्मत कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।

संबंधित समाचार