रामपुर: प्रसव के लिए महिला के तीन ऑपरेशन, अधिक खून बहने से मौत, नर्सिंग होम सील
रामपुर/टांडा अमृत विचार। नर्सिंग होम में भर्ती गर्भवती महिला के प्रसव के लिए तीन ऑपरेशन किए गए। अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। महिला की मौत होने पर परिजनों ने नर्सिंग होम में हंगामा किया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करखेड़ी निवासी रिंकी (20) पत्नी जितेंद्र को उसके परिजनों ने रविवार की सुबह …
रामपुर/टांडा अमृत विचार। नर्सिंग होम में भर्ती गर्भवती महिला के प्रसव के लिए तीन ऑपरेशन किए गए। अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। महिला की मौत होने पर परिजनों ने नर्सिंग होम में हंगामा किया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करखेड़ी निवासी रिंकी (20) पत्नी जितेंद्र को उसके परिजनों ने रविवार की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर नगर के मोहल्ला मरघटी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके बाद महिला के रविवार सुबह से शाम तक दो छोटे ऑपरेशन किए गए, लेकिन डिलीवरी कराने में सफलता नहीं मिली।
रविवार देर रात महिला का तीसरा ऑपरेशन कर बच्चे का जन्म हुआ लेकिन रिंकी का खून अधिक मात्रा में बहने लगा। इससे सोमवार सुबह रिंकी की मौत हो गयी। रिंकी की शादी साल भर पहले हुई थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने नर्सिंग होम में हंगामा किया। कई घन्टे हंगामे के बाद आसपास के लोगों ने परिजनों से समझौता कराकर उन्हें घर भेज दिया।
नर्सिंग होम को किया सील
महिला की मौत पर नर्सिंग होम को सील कर दिया गया। झोलाछाप मौके से फरार हो गया। तीन ऑपरेशन के बाद ज्यादा खून बहने से हुई महिला की मौत पर मोहल्ला मरघटी स्थित नर्सिंग होम पर शिकंजा कस दिया गया है। डॉक्टर देवेश चौधरी ने बताया कि मौके पर न डॉक्टर मिला न ही कोई अभिलेख, न ही किसी प्रकार का कोई रजिस्ट्रेशन। इस कारण नर्सिंग होम को सीज कर दिया गया है।
