Dilip Kumar के निधन पर देश में शोक की लहर, राष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने जताया दुख
नई दिल्ली। बॉलीवुड में ट्रेजडी किंग के नाम से मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत देश के कई नेताओं ने शोक जताया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘दिलीप कुमार उभरते भारत का इतिहास खुद में समेटे थे। अभिनेता के …
नई दिल्ली। बॉलीवुड में ट्रेजडी किंग के नाम से मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत देश के कई नेताओं ने शोक जताया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘दिलीप कुमार उभरते भारत का इतिहास खुद में समेटे थे। अभिनेता के आकर्षण ने सभी सीमाओं को पार किया और पूरे उपमहाद्वीप में उन्हें प्यार मिला। उनके निधन से एक युग का अंत हो गया। दिलीप साहब भारत के दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे। उनके परिवार और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।’’
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने जारी एक संदेश में कहा कि दिलीप कुमार के निधन से विश्व सिनेमा ने एक महान भारतीय अभिनेता खो दिया है। हालांकि उन्हें “ट्रेजेडी किंग ” के नाम से जाता था, लेकिन वह बहुआयामी अभिनेता थे। उन्होंने सामाजिक कुव्यवस्था को दर्शाने वाली भूमिकाओं से लेकर रोमांस तक भूमिकाओं को बखूबी निभाया। मेरी संवेदनायें उनके परिजनों और देश विदेश में फैले अनेक प्रशंसकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को प्रदान करें।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने शोक संदेश में कहा, “हिंदी फिल्मों के दिग्गज अभिनेता, ‘ट्रेजडी किंग’ के नाम से प्रतिष्ठित, राज्यसभा के पूर्व सांसद दिलीप कुमार जी के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध हूं।अपनी बेहतरीन भूमिकाओं के लिए दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित दिलीप कुमार जी का निधन कला जगत की अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने कहा कि असह्य दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार एवं उनके प्रशंसकों के साथ हैं। मैं भगवान बद्री केदार जी से पुण्य आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। ऊं शांति।।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘हिंदी फ़िल्म जगत के मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार जी का चले जाना बॉलीवुड के एक अध्याय की समाप्ति है। यूसुफ़ साहब का शानदार अभिनय, कला जगत में एक विश्वविद्यालय के समान था। वह हम सबके दिलों में ज़िंदा रहेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि।’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “दिलीप कुमार जी के परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। भारतीय सिनेमा में उनके अद्भुत योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि भारतीय सिनेमा जगत के पुरोधा, अभिनय सम्राट, असंख्य कलाकारों के प्रेरणास्रोत दिलीप कुमार जी का निधन फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर कहा कि ‘भारतीय फिल्मजगत बॉलीवुड की प्रसिद्ध व जानी-मानी हस्ती दिलीप कुमार के आज निधन की खबर अति-दुःखद। उनकी पत्नी सायरा बानो व उनके चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।अपनी अदाकारी से फिल्मजगत में अमिट छाप छोड़ने वाले दिलीप कुमार को विनम्र श्रद्धांजलि।उनकी फिल्में हमेशा यादगार रहेंगी।
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने ट्वीट किया, ‘‘महान अभिनेता दिलीप कुमार के निधन का समाचार दुःखद है। उन्होंने फ़िल्म जगत पर अमिट पहचान छोड़ी है और हिंदी फिल्म जगत में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।’’ राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिलीप कुमार के निधन पर शोक जताते हुए उनके परिजनों, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई। गहलोत ने कहा, ‘‘दिलीप कुमार का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अवसान है और उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’’
