बरेली: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू बोले- देश को बेचने में लगी है भाजपा
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा महंगाई को रोकने में विफल है। केंद्र सरकार देश को बेचने में लगी हुई है। कार्यक्रम के दौरान प्रियंका गांधी ने जूम एप पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर विधानसभा चुनाव …
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा महंगाई को रोकने में विफल है। केंद्र सरकार देश को बेचने में लगी हुई है। कार्यक्रम के दौरान प्रियंका गांधी ने जूम एप पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा।
सिविल लाइन स्थित एक होटल में गुरुवार को कांग्रेस का प्राशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज देश विषम परिस्तिथियों से गुजर रहा है। देश में दो प्रकार की सोच की राजनीति पर चल रही है। एक देश को बेचने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ देश को बचाने वाले हैं। आजादी के बाद कांग्रेस सरकार ने जो इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया था, उसको भाजपा बेचने में लगी हुई है। जनता को पता भी नहीं चल पा रहा है। इसका सिर्फ एक कारण है कि सरकार अपनी असफलता को छिपाने में जनता का ध्यान भटकाने में माहिर है।
इसके बाद कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने जूम पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इसमें दो राय नहीं कि अब युवाओं को ज्यादा मौका दिया जा रहा है पर युवा ये भी ना भूले के वरिष्ठ नेताओं के सम्मान कोई कमी ना आए। उन्होंने 8 जिलों से आए जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों का धन्यवाद किया।
छत्तीसगढ़ से कैबिनेट दर्जा प्राप्त मंत्री सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को प्रदेश में लाने के लिए हर कार्यकर्ता के अंदर इच्छाशक्ति को जगाना होगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिय श्रीनेत्र ने कहा कि भाजपा सरकार का इंजन ही खराब है और ये लोग डिब्बा बदल रहे हैं। अभी हाल ही में सरकार ने अपने मंत्रियों को बदला लेकिन अब बदलने से क्या होगा। राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने कहा कि अब कार्यकर्ता को कमर कस लेनी चाहिए, क्योकि अब चुनाव के लिए समय कम है।
इस मौके पर पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, जिला प्रवक्ता राज शर्मा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष दिनेश दद्दा, महासचिव जिया उर रहमान, महेश पंडित,राजन उपाध्याय, कृष्ण कांत शर्मा, वसीम अकरम, नदीम अशरफ, इल्यास अंसारी, हाजी इस्लाम बब्बू, अनुज गंगवार, हरीश गंगवार, रामानंद कोहली, दीपक वाल्मीकि, कमलेश ठाकुर, सुनीता दूबे, सुनील मनचंदा, राकेश सक्सेना, महावीर गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
अंतिम दिन निकाली गई प्रभात फेरी
चौपला रोड स्थित एक निजी होटल में कांग्रेस के दो दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन सुबह प्रभात फेरी निकाली गई, जिसे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने रवाना किया। तत्पश्चात झंडारोहण किया गया। जिला अध्यक्ष अशफाक सकलानी ने कहा कि हम सब अपनी नेता प्रियंका गांधी के विश्वास पर खरा उतरेंगे और निचले स्तर पर मेहनत कर पार्टी को अधिक से अधिक सीटें दिलाकर सरकार बनाएंगे। महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि कार्यकर्ताओं से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने संवाद किया, जिससे कार्यकर्ता जोश में है और उनको पूर्ण विश्वास है कि विधानसभा चुनाव में हम पूरी तैयारी के साथ चुनाव में उतरेंगे और ज्यादा सीटें जीतकर 2022 में सरकार बनाएंगे।
