देहरादून: आरटीई के तहत आवेदन करने वालों की संख्या में कमी, 14699 सीटें रिक्त होने से दोबारा आवेदन मांगने पर विचार
देहरादून, अमृत विचार। शिक्षा का अधिकार यानि की आरटीई के तहत सत्र 2020-21 के लिए उत्तराखंड में 58.14 फीसद सीट अभी रिक्त हैं। 3506 स्कूलों में 25283 सीट आरक्षित थीं। इसमें से 14699 यानी 58.14 फीसद सीट खाली रह गई हैं। कोरोनाकाल के कारण कई बच्चों का प्रवेश नहीं हो सका। इसके लिए शिक्षा विभाग …
देहरादून, अमृत विचार। शिक्षा का अधिकार यानि की आरटीई के तहत सत्र 2020-21 के लिए उत्तराखंड में 58.14 फीसद सीट अभी रिक्त हैं। 3506 स्कूलों में 25283 सीट आरक्षित थीं। इसमें से 14699 यानी 58.14 फीसद सीट खाली रह गई हैं। कोरोनाकाल के कारण कई बच्चों का प्रवेश नहीं हो सका। इसके लिए शिक्षा विभाग रिक्त सीटों को भरने के लिए दोबारा आवेदन मांग सकता है।
मालूम हो कि आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावकों को आरटीई के जरिए निजी स्कूलों में निशुल्क पढ़ाई का लाभ दिया जाता है, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण दो साल में आरटीई के लिए आवेदन करने वालों की संख्या घट गई है। पिछले साल करीब 50 फीसद सीट खाली रह गई थीं। वहीं इस साल यह आंकड़ा 58 फीसद तक पहुंच गया है। सीटें खाली रहने से केंद्र में भी प्रदेश की रिपोर्ट पर प्रभाव पड़ रहा है। आरटीई के लिए मिलने वाले बजट में भी कमी आने की संभावना जताई जा रही है।
ऐसे में खाली सीटों पर दोबारा आवेदन मांगने पर विचार किया जा रहा है। समग्र शिक्षा अभियान के अपर राज्य परियोजना निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि आरटीई के लिए आवेदन में कमी आई है। इस साल आरक्षित सीटों में से 14 हजार से ज्यादा सीट रिक्त रह गई हैं। खाली सीटों को भरने के लिए दोबारा आवेदन लेने के सुझाव मिल रहे हैं। चयनित छात्रों का दाखिला हो जाने के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
