बलरामपुर : बागी प्रत्याशी के समर्थन में भाजपा उम्मीदवार ने पर्चा लिया वापस
बलरामपुर । जिले के तुलसीपुर ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होने से कुछ घंटे पहले चौंका देने वाला वाकया सामने आया। इस ब्लॉक से भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने बागी उम्मीदवार के समर्थन में पर्चा वापस ले लोगों को हैरत में डाल दिया। वहीं इस पद की तीसरी उम्मीदवार ने भी नाम वापस …
बलरामपुर । जिले के तुलसीपुर ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होने से कुछ घंटे पहले चौंका देने वाला वाकया सामने आया। इस ब्लॉक से भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने बागी उम्मीदवार के समर्थन में पर्चा वापस ले लोगों को हैरत में डाल दिया। वहीं इस पद की तीसरी उम्मीदवार ने भी नाम वापस ले बागी उम्मीदवार की जीत का रास्ता मतदान से कुछ घंटे पहले ही तैयार कर दिया।
दरअसल, भाजपा समर्थित प्रत्याशी पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनीता सिंह ने अपनी उम्मीदवारी छोड़कर मतदान से कुछ घंटे पहले पूरा समीकरण ही पलट दिया। बागी प्रत्याशी स्वमिता सिंह का शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर से जुड़ाव व सम्मान का हवाला देते हुए अनीता सिंह के पति राना प्रताप सिंह ने पर्चा वापस लेने की पुष्टि की है।
वहीं तीसरी प्रत्याशी निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख शफीक अहमद के छोटे भाई की पत्नी फिरदौस अहमद ने भी घुटने टेक दिए। इन दोनों के नाम वापस लेने से बागी प्रवीण सिंह उर्फ विक्की की पत्नी स्वमिता सिंह के सिर पर बिना मतदान के ही ब्लॉक प्रमुख का सेहरा बंध गया है। उधर हरैया सतघरवा ब्लाक में भाजपा समर्थित प्रतयाशी गुलाब पाठक व पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू के बीच सीधा मुकाबला है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां मतदान हुआ।
बता दें कि भाजपा की बागी स्वमिता सिंह के पति प्रवीण सिंह विक्की का शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर जुड़े हैं और उनकी महंत मिथिलेश नाथ योगी से काफी करीबी है। भाजपा से टिकट न मिलने पर बागी प्रत्याशी के रूप में स्वमिता सिंह ने नामांकन दाखिल किया था। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी अनीता सिंह व स्वमिता सिंह की लड़ाई में तीसरी उम्मीदवार फिरदौस बानो को फायदा न हो, इसलिए यह फैसला किया गया। बागी प्रत्याशी के चुनाव लड़ने की जिद के आगे पार्टी पदाधिकारियों को भी झुकना पड़ा।
