डॉक्टर-पैरामेडिकल स्टाफ की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, मरीजों की बढ़ी परेशानी
लखनऊ । प्रदेश सरकार की तबादला नीति के विरोध में शुक्रवार से शुरू हुई डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। इसकी वजह से ओपीडी के लिए पहुंचे मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस विरोध की वजह से अस्पतालों की इमरजेंसी पर लोड बढ़ गया। शनिवार सुबह आठ बजे …
लखनऊ । प्रदेश सरकार की तबादला नीति के विरोध में शुक्रवार से शुरू हुई डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। इसकी वजह से ओपीडी के लिए पहुंचे मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस विरोध की वजह से अस्पतालों की इमरजेंसी पर लोड बढ़ गया।
शनिवार सुबह आठ बजे से डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों का शहर के सरकारी अस्पतालों में जुटने का सिलसिला शुरू हुआ। सिविल, लोकबंधु व बलरामपुर अस्पताल की ओपीडी ब्लॉक के बाहर जुंटे स्वास्थ्यकर्मियों ने नारेबाजी की। नारेबाजी करते हुए वे अस्पतालों के ओपीडी ब्लॉक में जा पहुंचे। यहां पर्चा व दवा काउंटर को बंद करा दिया। इतना ही नहीं जांच सेवाओं को भी बंद कराया गया।
डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की इस हड़ताल की वजह से मरीजों की तकलीफें बढ़ गईं। डफरिन व झलकारी अस्पताल में गर्भवती महिलाएं बेहाल नजर आईं। अल्ट्रासाउंड जांच आदि के लिए पहुंचीं गर्भवती महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
महासंघ के प्रवक्ता सुनील कुमार के मुताबिक सरकारी अस्पतालों में आठ से 10 बजे कार्यबहिष्कार जारी रहेगा। तबादला नीति वापस लिये जाने तक यह आन्दोलन यूं ही चलता रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सोमवार को प्रदेश भर के कर्मचारी कैसरबाग स्थित महानिदेशालय का घेराव करेंगे।
